पटना। बिहार के पूर्व मंत्री श्याम रजक रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के धुर विरोधी लालू प्रसाद की पार्टी राजद छोड़ने के दो सप्ताह से भी कम समय बाद यह कदम उठाया।रजक को 2020 में राज्य मंत्रिमंडल के साथ-साथ जद (यू) से भी निष्कासित कर दिया गया था। रजक यहां राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा समेत कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में फिर से शामिल हुए। झा ने कहा कि जमीनी स्तर पर समर्थन वाले नेता रजक के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी, खासकर राज्य के महादलितों के बीच, जिन्हें नीतीश कुमार ने एक अलग श्रेणी के रूप में मान्यता दी है। रजक ने इस अवसर पर कहा कि वह ‘‘भावनाओं में बहकर’’ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए थे, लेकिन वहां उन्हें ‘‘अपमानित’’ महसूस हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘राजद आरोप लगा रहा है कि मैं सिर्फ इसलिए जद (यू) में शामिल हुआ हूं क्योंकि पार्टी सत्ता में है। उन्हें याद रखना चाहिए कि मैं मंत्री पद छोड़कर उनके साथ शामिल हुआ था। लेकिन, उन्होंने मुझे निराश किया।’’
केसी त्यागी का जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा, राजीव रंजन प्रसाद को मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह राजीव रंजन प्रसाद को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जद(यू) की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि त्यागी ने निजी कारणों से राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है। बयान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राजीव रंजन प्रसाद को पार्टी का नया राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। जद(यू) के अनुभवी नेता त्यागी को मई 2023 में राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ ही ‘विशेष सलाहकार’ नियुक्त किया गया था। उनकी इस नियुक्ति के संबंध में जारी बयान में कहा गया था कि त्यागी के संगठनात्मक अनुभव का लाभ उठाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रमुख नीतीश कुमार ने उन्हें पार्टी का विशेष सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है।


