भोपाल। विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद कांग्रेस हर स्तर पर समीक्षा कर रही है। हार का कारण तलाशने के लिए बनी समिति एक दौर की बैठक कर चुकी है। अब 20 जुलाई को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई गई है।
संभागवार होगी समीक्षा
इसके साथ संभागवार समीक्षा भी होगी। इसकी शुरुआत 22 जुलाई को भोपाल से होगी। 23 जुलाई को नर्मदापुरम संभाग की बैठक बुलाई गई है। इसमें जिला व ब्लाक अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं लोकसभा प्रत्याशी भी उपस्थित रहेंगे।
8 फीसदी घटा वोट शेयर
प्रदेश में कांग्रेस का आठ प्रतिशत वोट शेयर घटा है। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने हार के कारण तलाशने को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की अध्यक्षता में समिति बनाई, जिसने लोकसभा के प्रत्याशी और वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लिया। समिति अब विधायक और विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों से भी चर्चा करेगी। इसके पहले प्रदेश इकाई ने तय किया है कि वह संभागवार संगठन की स्थिति को लेकर समीक्षा करेगी और जो निष्कर्ष निकलकर सामने आएंगे, उसके आधार पर संगठन में कसावट लाने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक की शुरुआत 20 जुलाई को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होने के बाद 22 जुलाई को भोपाल संभाग से प्रारंभ होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य वरिष्ठ नेता स्थानीय नेताओं से संगठन की स्थिति जानने के साथ सुधार के लिए सुझाव भी लेंगे। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश के साथ-साथ जिला स्तर पर भी संगठनात्मक परिवर्तन जल्द किया जाएगा। ऐसे नेता जो वर्षों से जिला इकाइयों में बने हुए हैं, उनके स्थान पर नए लोगों को अवसर दिया जाएगा। प्रदेश इकाई में भी युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी।


