एजेंसी, नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव क्षेत्र के तेज होने से मौसम अधिकारियों ने चेतावनी जारी कर दी है कि यह प्रणाली मंगलवार सुबह तक चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ में बदल सकती है। इसके प्रभाव से 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश तथा तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। भारत मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तटीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार यह चक्रवाती सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
आईएमडी का इन राज्यों में अलर्ट
अगले दो दिनों में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में तेज हवा और भारी वर्षा होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में भी हालात गंभीर दिख रहे हैं। राज्य के 31 जिलों में तेज आंधी और भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। रायसेन, इंदौर, बैतूल और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले रविवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई थी। राजधानी सहित कई स्थानों पर लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है; सुबह कोहरे का प्रभाव और शाम को आंशिक बादलों के साथ तापमान में तीन-चार दिन के बाद दो से चार डिग्री की गिरावट की संभावना बताई गई है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में मोंथा के खतरे के चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी जारी है।
उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 30 अक्टूबर तक बादल छाए रहेंगे और 31 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को कटे हुए धान की फसल सुरक्षित रखने और नई बुआई रोकने की सलाह दी है। प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान 28.8°C और न्यूनतम 18.6°C रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल प्रदेश के मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में 1 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है; वर्षा या हिमपात की कोई संभावना नहीं बताई गई। केलंग (लाहुल-स्पीति) में न्यूनतम तापमान 0.1°C दर्ज किया गया, जबकि ताबो और कुकुमसेरी में 1.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मुंबई और गुजरात में भी अलर्ट
अरब सागर में बने कम दबाव के कारण मुंबई, ग्रेटर मुंबई और कोंकण के लिए अगले दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में 45–55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। गुजरात के कई जिलों में भी वर्षा संभावित है। स्थानीय प्रशासन और नागरिकों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां अपनाने का अनुरोध किया गया है।


