नरसिंहपुर| प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को चुनावी दौरे पर नरसिंहपुर पहुंचे और करेली में चुनावी जनसभा को संबोधित की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठे वादों पर भरोसा नहीं करना, उनकी घोषणा मशीन डबल स्पीड से चल रही है। अब जल्दी ही इस घोषणा मशीन की बैटरी डाउन होने वाली है। स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद चिंकी बोरास बैराज परियोजना में जिन किसानों की जमीन जा रही है उन्हें पुन: जांच-सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को झूठ बोलने की आदत है, वह जब तक झूठ नहीं बोलते उनका खाना हजम नहीं होता।
प्रदेश में एक करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं, भ्रष्टाचार बढ़ा है। इस पर भाजपा नेता बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जिले का संबंध रामायण-महाभारत के समय से रहा है, यह सच्चाई नौजवानों को पता नहीं है। लेकिन वह मुकाम इस जिले को प्रदेश में नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। किसानों की समस्याएं हैं, गन्ने के दाम का भुगतान नहीं होता, बिचौलियों से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी की हैसियत से यहां आए हैं, उन्हें करेली के गुड़ का स्वाद याद है। 17 तारीख को आप जो बटन दबाएंगे तो वह किसी पार्टी, प्रत्याशी के लिए नहीं बल्कि प्रदेश के भविष्य के लिए बटन दबाएंगे।


