श्रीनगर| जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सुरक्षाबल और जांच एजेंसी लगातार सक्रिय होकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बीते दिनों में लगातार आतंकी ठिकानों पर छापेमारी की है। इसी कड़ी में आज भी जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने छापेमारी की है।
पुलवामा में किया सर्च ऑपरेशन
एसआईयू ने शनिवार को आतंकवाद से जुड़े एक मामले में पुलवामा जिले में छापेमारी की है। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई आतंकवाद से जुड़े अपराधों में उसकी संलिप्तता साबित करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए की गई।
शेख सयूरल निसार के घर पर की छापेमारी
इस संबंध में दक्षिण कश्मीर के वोपलवान अवंतीपोरा में शेख सयूरल निसार के आवास पर छापेमारी की गई है। प्रवक्ता ने कहा कि तलाशी के दौरान एसआईयू ने बैंक पासबुक, जिहाद पर किताबें और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
नार्कोटेरेरिज्म मॉड्यूल के आठ लोग गिरफ्तार
वहीं, बीते दिन भी सुरक्षा बलों ने प्रदेश के कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर में एलओसी के साथ सटे उड़ी सेक्टर में आतंकियों के ठिकानों का पर्दाफाश किया है। उन्होंने उड़ी में नार्कोटेरेरिज्म मॉड्यूल के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है।


