भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी तीन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। मौसम के पूरी तरह शुष्क बने रहने के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पूर्वी हवाएं चलने के कारण रात के समय भी न्यूनतम तापमान बढ़ने लगा है। नतीजतन, दिन में तपिश बनी हुई है और रात को उमस।
नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 वर्ष में रात का सबसे अधिक तापमान है। बुधवार को प्रदेश के पांच शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को भी तापमान में कुछ और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। 29 मार्च से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने से हवाओं के साथ नमी आने की संभावना है, जिसके चलते 30 एवं 31 मार्च को प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है।


