एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के बवाल के बाद भाजपा का राहुल गांधी के आवास के बाहर उग्र प्रदर्शन

एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के बवाल के बाद भाजपा का राहुल गांधी के आवास के बाहर उग्र प्रदर्शन

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

 एजेंसी, नई दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन के बाद देश की सियासत पूरी तरह से गर्मा गई है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भारी गुस्से में देशभर में सड़कों पर उतर आए हैं। दिल्ली में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाए और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों के हाथों में “शर्मसार भारत” लिखे बैनर थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस को कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना पड़ा।

मुंबई में काले झंडों से स्वागत 
राहुल गांधी जब 2014 के एक मानहानि मामले की सुनवाई के लिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, तो भिवंडी जाते समय मुलुंड टोल नाके के पास भाजपा समर्थकों ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाए और जमकर नारेबाजी की।

ये भी पढ़े : मध्यप्रदेश विधानसभा में भागीरथपुरा दूषित पानी त्रासदी पर सदन में डेढ़ घंटे तीखी बहस, कांग्रेस ने किया हंगामा

जम्मू से लेकर गुजरात तक आक्रोश 
दिल्ली और मुंबई के अलावा जम्मू और सूरत (गुजरात) सहित कई अन्य शहरों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश का मजाक उड़ाना कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश थी।

भाजपा नेताओं का तीखा प्रहार
भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को “मूर्खता से नग्नता (Stupidity to Nudity)” तक का सफर बताया है। उन्होंने कहा कि यह देश की उपलब्धियों का अपमान है। वहीं, शहजाद पूनावाला ने इस प्रदर्शन को ‘एंटी-इंडिया’ और ‘चरित्रहीन’ करार दिया है।

कांग्रेस का पलटवार 
बढ़ते बवाल के बीच कांग्रेस के नेता सचिन सावंत और यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपने कार्यकर्ताओं का बचाव किया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अमेरिका के साथ ‘ट्रेड डील’ और ‘एपस्टीन’ जैसे संवेदनशील मुद्दों के साथ-साथ युवाओं की बेरोजगारी से देश का ध्यान भटकाने के लिए यह राष्ट्रव्यापी ‘ड्रामा’ कर रही है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply