एजेंसी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन लिया है। उनके निर्देश पर लखनऊ के डीएम रहे सीनियर आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को सस्पेंड कर दिया गया है। अभिषेक प्रकाश के खिलाफ लखनऊ डिफेंस कॉरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण में भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। जिस पर सीएम योगी ने 2006 बैच के आईएएस अधिकारी और सचिव, औद्योगिक विकास विभाग तथा इन्वेस्ट यूपी के सीईओ अभिषेक प्रकाश को निलंबित कर दिया है। दरअसल, भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी परियोजना डिफेंस कॉरिडोर में रक्षा उत्पादन इकाइयों की स्थापना होनी है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत राजधानी स्थित सरोजनी नगर तहसील के भटगांव क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण हुआ था। इसी अधिग्रहण के दौरान अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। आरोप के बाद जांच शुरू हुई तो मामला खुलकर सामने आया। बताया जा रहा है कि जांच में करीब 20 करोड़ का मुआवजा अधिकारियों ने अवैध तरीके से हासिल किया था। कहा तो यहां तक जा रहा है कि मुआवजे की जो रकम किसानों को मिलनी थी, वह अधिकारियों ने गड़बड़ी कर खुद ले ली। इस तरह की अनियमितताएँ न हों, इसको देखने की जिम्मेदारी अभिषेक प्रकाश की थी। उन पर इस पूरे मामले की अनदेखी का आरोप है, जिसके चलते उन पर कार्रवाई हुई है।


