उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को लिखा पत्र, स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ ने सोमवार को शाम को अचानक उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने त्यागपत्र में स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेज दिया और कहा कि वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। धनखड़ ने पत्र में लिखा है , “स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67(क) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूँ।” उपराष्ट्रपति के कार्यालय ने धनखड़ द्वारा राष्ट्रपति को लिखे पत्र को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट का सहयोग के लिए धन्यवाद भी किया। उल्लेखनीय है कि धनखड़ ने आज यानी सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही का संचालन किया था। उनका बुधवार को एक दिन के दौरे पर राजस्थान में जयपुर जाने के कार्यक्रम की भी आज ही घोषणा की गयी थी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा संसद के चल रहे सत्र के बीच आया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों में इस खबर के बाद सांसदों के बीच चर्चा तेज हो गई है। उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ के बुनियाद पर इस्तीफा नहीं दिया है, इसके पीछे कोई बड़ी बात है।

Leave a Reply