एजेंसी, जम्मू-कश्मीर | जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के सेओज धार इलाके में शुक्रवार शाम सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। यह इलाका डोडा-उधमपुर की सीमा पर स्थित है। फायरिंग में एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसकी शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान की शहादत के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान तेज कर दिया। इलाके में 2-3 आतंकी छिपे होने की आशंका है। सेना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप मिलकर संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं।
कुलगाम मुठभेड़ की गूंज
यह घटना ऐसे समय हुई है जब हाल ही में 8 सितंबर को कुलगाम जिले के गुड्डर इलाके में हुए ऑपरेशन में भी दो जवान शहीद हो गए थे। उस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी मारे गए थे, जिनमें से एक शोपियां का आमिर अहमद डार और दूसरा विदेशी आतंकी रहमान भाई था। आमिर का नाम सुरक्षा एजेंसियों की 14 वांछित आतंकियों की सूची में शामिल था। जम्मू-कश्मीर में बढ़ती आतंकी हलचल को देखते हुए सुरक्षा बल अब कड़े अभियान चला रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की बड़ी घटना को रोका जा सके।


