उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बड़ा ट्रेन हादसा : पुष्पक एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस ने रौंदा, 11 लोगों की मौत

महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुंबई। उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम को एक ट्रेन में आग की अफवाह के बाद पटरी पर उतर गए कुछ यात्री पास की पटरी पर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गये और इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने जिलाधिकारी द्वारा दी गई सूचना के हवाले से एक समाचार चैनल से कहा कि इस दुर्घटना में 10 से 12 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना पचोरा के निकट माहेजी और परधाडे स्टेशनों के बीच हुई जहां शाम करीब पांच बजे लखनऊ-पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के कारण किसी ने चेन खींच दी और ट्रेन रुक गई। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता स्वप्निल नीला ने बताया कि पुष्पक एक्सप्रेस के कुछ यात्री नीचे उतर गए और बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया और कहा कि जलगांव जनरल अस्पताल और आसपास के अस्पतालों को हादसे में घायल यात्रियों के उपचार के लिए तैयार रखा गया है।

दावोस गए फडणवीस ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जलगांव जिले में पचोरा के पास बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है। मैं उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि राज्य के मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए हैं और जिलाधिकारी भी पहुंचते होंगे। उन्होंने कहा कि जलगांव जिला प्रशासन रेलवे के साथ मिलकर काम कर रहा है और घायलों के उपचार के लिए तत्काल बंदोबस्त किए जा रहे हैं। दुर्घटना स्थल मुंबई से 400 किलोमीटर से अधिक दूर है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारी प्रारंभिक जानकारी है कि पुष्पक एक्सप्रेस के एक कोच में ‘हॉट एक्सिल’ या ‘ब्रेक बाइंडिंग’ (जैमिंग) की वजह से चिंगारी निकली और कुछ यात्री घबरा गए। उन्होंने चेन खींच दी और उनमें से कुछ नीचे कूद गए। उसी समय पास की पटरी से कर्नाटक एक्सप्रेस गुजर रही थी।’’ महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और जलगांव के प्रभारी मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा, ‘‘वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं जिसके बाद और अधिक जानकारी उपलब्ध होगी।’’

सीएम योगी ने घटना पर जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पक ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के लिए पर्याप्त चिकित्सा उपचार के आदेश दिए हैं, साथ ही यात्रियों की मौत पर भी शोक व्यक्त किया है।

PM मोदी ने किया ऐलान, कर्नाटक दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को देंगे 2 लाख रुपये
बैंगलोर| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी जानकारी
पीएमओ ने एक्स पर कहा, कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पोस्ट में कहा गया, “पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

14 लोगों की हुई मौत
बताया जा रहा है कि पीड़ित सब्जी विक्रेता थे, जो सावनूर से कुमता बाजार में सब्जी बेचने जा रहे थे, तभी ट्रक पलट गया और 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इससे पहले, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर और रायचूर जिले के सिंधनूर में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की मौत की खबर सुनकर दिल दहल गया।
सिद्धारमैया ने घोषणा
एक अन्य घटना में, आज सुबह कर्नाटक के रायचूर जिले के सिंधनूर में एक वाहन के पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार सुबह उत्तर कन्नड़, रायचूर जिलों में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। सिद्धारमैया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, राज्य सरकार उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर और रायचूर जिले के सिंधनूर में हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में मरने वालों के परिवारों को 3-3 लाख रुपये का मुआवजा देगी।

Leave a Reply