एजेंसी, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित एक मकान में अचानक आग लगने से पांच मासूम बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार, यह मकान इकबाल अहमद का है, जहां कपड़ों की सिलाई का काम किया जाता था। घर में बड़ी मात्रा में कपड़ा रखा हुआ था, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।
ये भी पढ़े : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाड़ली बहनों के लिए बड़ा एलान : अब हर महीने खाते में आएंगे 3 हजार, नहीं करना होगा अधिक इंतजार
सात झुलसे, छह को नहीं बचाया जा सका
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को तुरंत राजधानी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रूकसार (25), महबिश (12), हम्माद (4), अकदस (4), नाबिया (4 माह) और इनायत (4 माह) को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक किदवई नगर में सुराही वाली मस्जिद के पास गली नंबर 3 के निवासी थे। अमीर बानो (55) का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा रही है।


