इंदौर। इंदौर में 17 जनवरी को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का रोड शो निकलेगा। वे एयरपोर्ट से सीधे बड़ा गणपति चौराहा पहुंचेंगे। यहां भगवान गणेश की पूजा के साथ रोड शो शुरू होगा, जो राजवाड़ा पर मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त होगा। मुख्यमंत्री खुली जीप में रोड शो में निकलेंगे। भाजपा संगठन ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कलेक्टर आशीष सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ मार्ग का निरीक्षण भी किया। रणदिवे ने बताया कि रोड शो शाम साढ़े चार बजे शुरू हो जाएगा। रोड शो मार्ग में डेढ़ सौ से ज्यादा मंचों के माध्यम से डा. यादव का स्वागत किया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का रोड शो 25 दिसंबर को भी प्रस्तावित था, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार की वजह से अंतिम समय में इसे निरस्त कर दिया गया था। रोड शो करीब डेढ़ किमी लंबा होगा। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा गणपति से लेकर राजवाड़ा तक पुलिस सिंगल लेयर की बैरिकेडिंग भी करेगी। मुख्यमंत्री बुधवार शाम करीब चार बजे विशेष विमान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे यहां से सीधे रोड शो मार्ग पहुंचेंगे। रोड शो के मार्ग पर राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक, एकात्मधाम आदि धार्मिक स्थलों की झांकी रहेगी। इसके अलावा भाजपा सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को भी झांकियों के माध्यम से दिखाया जाएगा।
150 से ज्यादा मंच लगेंगे : रोड शो इंदौर के तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगा। यह इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक से शुरू होगा। विधानसभा क्षेत्र 4 से होते हुए विधानसभा क्षेत्र तीन में खत्म होगा। बड़ा गणपति से लेकर खजूरी बाजार तक का रोड शो का आधे से ज्यादा हिस्सा विधानसभा क्षेत्र इंदौर एक में आता है। रणदिवे ने बताया कि 150 से ज्यादा मंच लगेंगे। इनके माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।
बिजली और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था हो : रणदिवे ने बताया कि मार्ग का निरीक्षण करने के बाद प्रशासन से आग्रह किया है कि रोड शो लेट होने की स्थिति में अंधेरा भी हो सकता है। ऐसे में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। इसके अलावा रोड शो मार्ग के गड्ढे भरने और सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम करने को भी कहा है।


