इंदौर-बैतूल हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत से नीचे गिरे लोगों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत

देवास प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, देवास। सड़क हादसों के लिहाज से इंदौर-बैतूल हाईवे के डेंजर जोन कलवार घाट में दर्दनाक हादसा हो गया। दो बाइक की भिड़ंत के बाद इनमें सवार 6 लोग नीचे गिर गए। ट्रक की चपेट में आने से तीनों लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका प्राथमिक इलाज कन्नौद में किया गया। मृतकों में दो पुरुष व एक महिला शामिल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कलवार घाट पर कन्नौद की ओर के उतार वाले क्षेत्र में तेज गति से जा रही दो बाइक के बीच में भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे। बाइक टकराने के बाद सभी छह लोग नीचे गिर गए। इनमें से तीन को पास से निकल रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। इससे एक बाइक में सवार पुरुष तथा दूसरी बाइक में सवार एक महिला व एक पुरुष की मौके पर मौत हो गई वहीं हादसे में तीन अन्य गंभीर लोग रूप से घायल हुए इनमें से एक को प्राथमिक उपचार करके रेफर किया गया।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
शासकीय अस्पताल कन्नौद से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बहिरावद निवासी 25 वर्षीय सनी पुत्र भूरा मर्सकोले की सड़क हादसे में मौत हुई है। उसके साथी मनीष पुत्र गोपाल और छोटू पुत्र रशीद दोनों निवासी ग्राम बहिरावद गंभीर रूप से घायल हुए। यह तीनों लोग शादी समारोह में शामिल होने ग्राम बावड़ीखेड़ा गए थे। वहां से वापस आते समय हादसे का शिकार हुए। दूसरी बाइक पर एक पुरुष, दो महिलाएं सवार थी, जिनमें से पुरुष व एक महिला की मौत हो गई। दूसरी महिला को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। दोनों मृतकों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।

Leave a Reply