नई दिल्ली| मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी 230 सीटों वाले सदन में 115 सीटों के साथ बिल्कुल बीच के आंकड़े को छूएगी। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल के सर्वे में ये अनुमान लगाया गया है। ओपोनियन पोल के नतीजे आज न्यूज चैनल पर प्रसारित किये गये। ओपिनियन पोल के मुताबिक, प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस 110 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। पांच साल पहले कांग्रेस को 114 सीटें मिली थी, जबकि भाजपा को 109 सीटें मिली थी। इस बार सत्ता की कुंजी निर्दलीयों और छोटी पार्टियों के हाथ रह सकती है, इन्हें 5 सीटें मिल सकती है, जबकि पिछली बार 7 सीटें मिली थी। ओपिनियन पोल में वोट शेयर के अनुमान के मुताबिक, भाजपा को 44.38 प्रतिशत, कांग्रेस को 42.51 प्रतिशत और अन्य को 13.11 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। 2018 के चुनाव में भाजपा को 41.02 प्रतिशत, कांग्रेस को 40.89 प्रतिशत और अन्य को 18.09 प्रतिशत वोट मिले थे।
क्षेत्रवार सीटों का अनुमान
इंडिया टीवी-सीएनएक्स पोल में क्षेत्रवार सीटों का अनुमान इस प्रकार है –
बघेलखंड की 51 सीटों में से भाजपा को 31 सीटें मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 19 और अन्य को एक सीट मिल सकती है।
भोपाल की 24 सीटों में से, भाजपा को 16 सीटें और कांग्रेस को बाकी 8 सीटें मिल सकती है।
चम्बल की 34 सीटों में से, कांग्रेस को 22 सीटें मिल सकती है, जबकि भाजपा को बाकी 12 सीटें मिल सकती है।
महाकौशल की 47 सीटों में से कांग्रेस को 26 सीटें मिल सकती है, जबकि भाजपा को 19 सीटें और अन्य को 2 सीटे मिल सकती है।
मालवा की 46 सीटों में से, भाजपा को 25 सीटें मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 20 सीटें और बची एक सीट अन्य को मिल सकती है।
निमाड़ की 28 सीटों में से कांग्रेस को 15 सीटें, भाजपा को 12 सीटें और बची एक सीट अन्य को मिल सकती है।
मुख्यमंत्री की रेस में कौन हैं आगे
ओपिनियन पोल में सीएम पद के लिए 44.32 प्रतिशत वोटरों ने शिवराज सिंह चौहान को, और 38.58 प्रतिशत ने कमल नाथ को पसंद किया। सिर्फ 9 प्रतिशत ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को, 1.52 प्रतिशत ने दिग्विजय सिंह को, और बाकी 6.58 प्रतिशत ने अन्य नेताओं को पसंद किया।


