इंडिगो का 1000 रुपए तक कम हो सकता है किराया, एयरलाइन ने फ्यूल चार्ज वसूलना बंद किया

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय व्यापार

नई दिल्ली| इंडिगो अभी तक 300 रुपए से 1000 रुपए तक फ्यूल चार्ज के रूप में वसूल रही थी। बजट एयरलाइन इंडिगो ने आज यानी, गुरुवार 4 जनवरी से टिकटों पर फ्यूल चार्ज वसूलना बंद कर दिया है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल की लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण इंडिगो ने अक्टूबर 2023 की शुरुआत में फ्यूल चार्ज वसूलना शुरू किया था। फ्यूल चार्ज हटने के बाद अब फ्लाइट टिकट सस्ती हो सकती है। ATF किसी एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है। ATF की कीमतें बढ़ने से लागत बढ़ जाती है। अभी तक फ्यूल चार्ज के तौर पर 300 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है इंडिगो
इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। अपने बेड़े के साथ इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। ये एयरलाइन 81 डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कवर करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो का ही है।

Q2FY24 में इंडिगो को ₹189 करोड़ का मुनाफा
दूसरी तिमाही में इंडिगो को ₹188.9 करोड़ का मुनाफा हुआ था। 5 साल में यह पहला मौका था जब एविएशन कंपनी को किसी भी वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा हुआ था। आम तौर पर इस तिमाही को एविएशन इंडस्ट्री के लिए कमजोर मांग वाला सीजन माना जाता है।

फ्यूल चार्ज लगाने के बाद स्टॉक में आई थी तेजी
अक्टूबर में फ्यूल चार्ज लगाने से पहले इंडिगो के शेयर की कीमत 2400 रुपए के करीब थी, जो अब बढ़कर 3000 के करीब पहुं च गई है। यानी 3 महीने में स्टॉक करीब 25% बढ़ चुका है। शेयर में तेजी के कारण मार्केट कैप के हिसाब से इंडिगो 13 दिसंबर को दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई थी। इंडिगो ने अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस को पीछे छोड़ दिया था।

Leave a Reply