भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के अमेठी जाएंगे। वे यहां भाजपा की प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की नामांकन रैली में भाग लेंगे। रोड शो कर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यहां से झारखंड जा सकते हैं। पार्टी द्वारा उनका कार्यक्रम तय किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि डा.मोहन यादव इसके पहले उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में चुनाव कार्यालय का उदघाटन करने पहुंचे थे। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी उनकी सभा हो चुकी है। अब एक बार फिर उत्तर प्रदेश के अमेठी में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राहुल 30 अप्रैल को भिंड में, मुरैना में प्रियंका का रोड शो दो मई को
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 30 अप्रैल को भिंड में और दो मई को प्रियंका गांधी मुरैना जिले में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो करेंगी। ग्वालियर में फिलहाल कांग्रेस के किसी बड़े नेता का चुनाव कार्यक्रम निर्धारित नहीं हुआ है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस रोड-शो और सभा का प्रभाव अंचल की चारों लोकसभा सीटों पर होगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश मीडिया प्रभारी सुभाषिणी शरद यादव ने ईवीएम को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए बैलेट पेपर पर देश में चुनाव होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोरल बांड भी केंद्र सरकार लाई थी। इसमें भी बड़ा गोलमाल है। विरासत टैक्स पर सुभाषिणी का कहना है कि विरोधी दल भ्रम फैलाने में माहिर है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में इसका कोई उल्लेख नहीं है। किसी की व्यक्तिगत राय संगठन का मत नहीं हो सकता है।


