अभिनेता नागार्जुन का दावा- मेरे परिवार के एक सदस्य को दो दिनों तक रखा गया ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ 

तेलंगाना देश/प्रदेश बॉलीवुड मनोरंजन राष्ट्रीय

एजेंसी, हैदराबाद। अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी ने सोमवार को बताया कि करीब छह महीने पहले उनके परिवार के एक सदस्य को ठगों ने दो दिनों के लिए ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ में फँसा लिया था। शहर के पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार और अन्य फिल्मी कलाकारों के साथ एक प्रेस वार्ता में नागार्जुन ने कहा कि पुलिस के दखल के तुरंत बाद आरोपी मौके से गायब हो गए। अभिनेता ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मुझे अच्छी तरह याद है कि लगभग छह महीने पहले मेरे घर में इसी तरह की घटना घटी थी। मेरे परिवार के एक सदस्य को दो दिनों के लिए ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ में रखा गया था। ये (ठग) गिरोह हम पर नज़र रखते हैं और हमारी कमजोरियों को तलाशने की कोशिश करते हैं।’’ संपर्क करने पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले में नागार्जुन ने कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी। हालांकि, अधिकारी ने यह भी कहा कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ठग वहाँ से गायब हो गए होंगे। सज्जनार यहां ‘पायरेटेड’ फिल्में दिखाने वाली कई वबेसाइट चलाने वाले एम्मादी रवि की गिरफ्तारी पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। लोगों को फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह देते हुए नागार्जुन ने कहा कि तेलंगाना पुलिस ने ‘‘आरोपी को पकड़कर सराहनीय कदम उठाया है’’। उन्होंने कहा कि ‘पायरेटेड’ वबेसाइट पर इस तरह की कार्रवाई से न सिर्फ तेलुगु फिल्म उद्योग, बल्कि अन्य भाषाओं की फिल्मों को भी सहारा मिलेगा। ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ साइबर अपराध का एक उभरता हुआ तरीका है, जिसमें ठग खुद को कानून प्रवर्तन अधिकारी या सरकारी प्रतिनिधि बताकर ऑडियो या वीडियो कॉल के ज़रिये पीड़ितों को धमकाते हैं और पैसों की उगाही के लिए उन्हें मानसिक रूप से बंधक जैसा बना देते हैं।

Leave a Reply