अधीर रंजन के निलंबन पर इंडिया गठबंधन के सांसदों का लोस से वॉकआउट, राघव चड्ढा भी सस्पेंड, संजय का निलंबन बढ़ा

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी के निलंबन को लेकर मानसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को संसद में विपक्ष ने दोनों सदनों में जोरदार हंगामा किया। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने लोकसभा से वॉकआउट किया। बाद में सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। इधर, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आम आदमी पार्टी (आप) सांसद राघव चड्‌ढा को निलंबित कर दिया है। सांसद संजय सिंह का निलंबन भी बढ़ा दिया गया है। अधीर रंजन समेत तीनों सांसद विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट आने तक निलंबित रहेंगे। मानसून सत्र के अनिश्चित काल तक स्‍थगित होने के बाद दोपहर डेढ़ बजे विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसद शामिल हुए।

राज्‍यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सदस्‍यों के निलंबन का मुद्दा उठाया। खड़गे ने कहा कि हम तो इसमें विश्वास रखते हैं कि कल करने का है तो आज करो। आज करने का है तो अभी करो। पल में प्रलय होगा फिर करोगे कब। सर डिबेट में छोटी-मोटी बात होती रहती हैं। जब एक-दूसरे के विषय में कहते हैं, अगर वह अनपार्लियामेंट्री है, किसी को दुखी करता है तो उसे आप कह सकते हैं कि ये अनपार्लियामेंट्री है। ये ठीक नहीं है। खड़गे ने कहा कि वहां (लोकसभा में) हमारे अधीर रंजन चौधरी साहब को निलंबित किया गया। वो बेहद हल्का मामला था। उन्होंने इतना ही बोला ‘नीरव मोदी’। नीरव मतलब शांत। साइलेंट। वो नीरव मोदी बोले। इसलिए आप उसे सस्पेंड करते हैं।

इस बीच सदन में उन सांसदों को विदाई दी गई, जिनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। सभापति जगदीप धनखड़ के बाद नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विदाई दी। खड़गे ने सभापति से कहा कि पता नहीं कि दोबारा हम मिलेंगे या नहीं, हमारी उम्र हो रही है। जब सभापति ने कहा कि अपने मन की बात कीजिए तो खड़गे ने कहा कि दिल की बात करूंगा। मन की बात तो मोदी जी करते हैं। इस पर सभापति ने कहा कि दिल से मन की बात कर लीजिए।

Leave a Reply