एजेंसी, बिहार। बिहार चुनाव में राजग की जीत पर ‘मोदी, मोदी’, ‘भारत माता की जय’ के नारों और पार्टी कार्यकर्ताओं की जय-जयकार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने गमछा लहराकर पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में उनका स्वागत किया। इस मौके प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारी जीत और अटूट समर्थन ने बिहार में गर्दा उड़ा दिया। लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़कर एक विकसित और समृद्ध बिहार के लिए वोट दिया है। इस जीत ने हमें बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि मैं राजग के सभी नेताओं को उनके शानदार काम के लिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके नेतृत्व के लिए बधाई देता हूं। राजग के सभी सहयोगियों की ओर से, मैं बिहार की सारी जनता को धन्यवाद देता हूं और उनके चरणों में नतमस्तक हूं। कुछ पार्टियों ने ‘एमवाई’ का तुष्टीकरण फार्मूला बनाया था, लेकिन इस जीत ने महिला और युवा के नए ‘एमवाई’ संयोजन को मजबूत किया है। मैं रिकॉर्ड संख्या में मतदान करके लोकतंत्र और निर्वाचन आयोग में विश्वास जताने के लिए लोगों को बधाई देता हूं। वहीं, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की जीत के लिए मैं करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं। बिहार के जनादेश ने ‘जंगलराज’ के लिए ‘नो एंट्री’ का बोर्ड लगा दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास के लिए वोट दिया है। लोगों ने चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार अटूट विश्वास दिखाया है, चाहे वह हरियाणा हो, महाराष्ट्र हो, दिल्ली हो या अब बिहार हो।

बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत, पीएम मोदी ने कह दी बड़ी बात…
बिहार चुनाव में एनडीए प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रही है। एनडीए ने 200 से ज़्यादा सीटों पर जीत सुनिश्चित कर ली है। एनडीए की जीत में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनने वाली है तो जेडीयू ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। लोजपा तो अपनी सभी सीटों पर जीत दर्ज करने के करीब है। वहीं महागठबंधन बुरी तरह से फ्लॉप हो गया। राजद और कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी तो चुनाव में क्लीन बोल्ड हो गई। बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनना तय हो गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी बात कही है।
बिहार की जनता के प्रति व्यक्त किया आभार
पीएम मोदी ने लिखा, “सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जनहितैषी भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को ऐतिहासिक और अद्वितीय विजय दिलाने के लिए बिहार के प्रत्येक व्यक्ति का आभार। यह जनादेश हमें जनता की सेवा करने और बिहार के लिए काम करने की नई शक्ति देता है।”
एनडीए कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना
पीएम मोदी ने आगे लिखा, “मैं एनडीए के हर कार्यकर्ता की पिछले कुछ महीनों में की गई कड़ी मेहनत की सराहना करता हूँ। उन्होंने लोगों के बीच काम किया है, हमारे विकास के एजेंडे को समझाया है और विपक्ष के झूठ का भी खंडन किया है। वो वाकई अद्भुत हैं!”
बिहार की प्रगति के लिए करेंगे काम
पीएम मोदी ने आगे लिखा, “आने वाले समय में, हम बिहार की प्रगति, बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर और बिहार की संस्कृति के लिए और भी अधिक काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राज्य की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन जीने के अनेक अवसर मिलें।”
सहयोगियों को दी बधाई
पीएम मोदी ने आगे लिखा, “एनडीए ने राज्य का सर्वांगीण विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के हमारे विज़न के आधार पर हमें वोट दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगियों, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को इस अभूतपूर्व जीत के लिए बधाई देता हूँ।”

बिहार में एनडीए की जीत का मध्य प्रदेश में भी मना जश्न, भोपाल से इंदौर तक प्रदेशभर में आतिशबाजी
बिहार विधानसभा चुनाव में नतीजे लगभग साफ हो चुके हैं, एनडीए गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की है, जिसमें बीजेपी बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी की जीत के लिए मध्य प्रदेश के बीजेपी नेताओं ने भी जमकर मेहनत की थी, ऐसे में अब जब बीजेपी को बड़ी जीत मिली है तो मध्य प्रदेश बीजेपी के नेताओं में भी जश्न मनाया जा रहा है। इंदौर से लेकर भोपाल तक बीजेपी नेताओं ने भी जश्न मनाया। सीएम मोहन यादव ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
एमपी में बीजेपी की जीत का जश्न
बिहार में बीजेपी को मिल रही जीत से मध्य प्रदेश में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है, प्रदेश भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुटकर जश्न मना रहे हैं। इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर जीत की खुशी साझा की, कई शहरों में आतिशबाजी हुई और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। बिहार चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश से जाकर 26 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया था, रुझानों के अनुसार इन सीटों पर उनका स्ट्राइक रेट बेहद प्रभावशाली रहा है, 26 में से 21 सीटों पर एनडीए उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, आधिकारिक परिणाम अभी आना बाकी हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि यह जीत सिर्फ एनडीए की नहीं बल्कि बिहार की जनता की जीत है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास की हवा चली है और जनता ने विकास के पक्ष में मतदान किया है। वहीं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग वोट चोरी की बातें कर रहे थे, उन्हें जनता ने करारा जवाब दे दिया है, उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे और उनकी सीटें 10 से नीचे रह सकती हैं।
बिहार में बीजेपी की बड़ी जीत
बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। पार्टी 91 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन रही है। ऐसे में बीजेपी की जीत का जश्न दोगुना हो गया है। क्योंकि बीजेपी लगातार दो चुनावों से बिहार में शानदार प्रदर्शन कर रही है। सीएम मोहन यादव ने भी बिहार विधानसभा चुनाव में जमकर प्रचार किया था, उन्होंने बीजेपी के साथ जेडीयू और लोजपा के प्रत्याशियों के लिए भी पसीना बहाया था, जिसका नतीजा बीजेपी को मिलता दिख रहा है।


