हरमीत सिंह पठानमाजरा

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से पंजाब के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा गिरफ्तार : दुष्कर्म के मामले में 7 महीने से चल रहे थे फरार, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

देश/प्रदेश पंजाब प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय शिवपुरी

एजेंसी, शिवपुरी। पंजाब के सनौर क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को मध्य प्रदेश के शिवपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया है। विधायक पिछले करीब 7 महीनों से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। उन पर एक महिला ने यौन शोषण करने, डराने-धमकाने और अश्लील सामग्री भेजने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को पंजाब पुलिस ने शिवपुरी के पास एक कार से उन्हें हिरासत में लिया और अपने साथ पंजाब ले गई।

हरमीत सिंह पठानमाजरा पहली बार विधायक चुने गए हैं। उनके विरुद्ध पिछले वर्ष 1 सितंबर को पटियाला के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। यह शिकायत ज़ीरकपुर की एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई थी। जैसे ही विधायक को इस कानूनी कार्रवाई की भनक लगी, वे भूमिगत हो गए। इससे पहले जब पंजाब पुलिस उनकी तलाश में हरियाणा के करनाल पहुंची थी, तब पुलिस टीम पर पथराव किया गया था और गोलियां भी चलाई गई थीं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया था।

पटियाला पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा मध्य प्रदेश में छिपे हुए हैं और अपने कुछ साथियों के साथ कार से कहीं जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और ग्वालियर-शिवपुरी बायपास के पास घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लगभग 6 महीने की फरारी के बाद दो साल पुराने इस मामले में विधायक को आखिरकार पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के वक्त वे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने समर्थकों के साथ सवार थे।

ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई में 10 प्रतिशत का इजाफा, अब 30 फीसदी कोटा तय; नई व्यवस्था से उद्योगों और संस्थानों को मिलेगी बड़ी राहत

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पटियाला पुलिस की 5 विशेष टीमें शिवपुरी पहुंची थीं। जिस समय विधायक को पकड़ा गया, उस समय गाड़ी में उनके साथ तीन अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मौके पर ही उनसे प्रारंभिक पूछताछ की है। अब पुलिस प्रशासन आरोपी विधायक को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रहा है, ताकि उन्हें रिमांड पर लेकर इस पूरे मामले और उनकी फरारी के दौरान मिली मदद के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply