स्कूली बस

मोरनी हिल्स में स्कूली बस का ब्रेक फेल : ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, पहाड़ से टकराई बस में सवार 20 बच्चे घायल

देश/प्रदेश राष्ट्रीय हरियाणा

एजेंसी, पंचकूला। हरियाणा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोरनी हिल्स में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। महेंद्रगढ़ और नारनौल से आए स्कूली बच्चों से भरी एक बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। बस में करीब 50 बच्चे सवार थे जो साहसिक गतिविधियों (एडवेंचर एक्टिविटी) के लिए मोरनी पहुंचे थे और सुबह वापस पिंजौर की ओर लौट रहे थे।

सफर के दौरान जब बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, तो चालक नरेंद्र पाल ने गजब की हिम्मत और बुद्धिमानी का परिचय दिया। बस को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए ड्राइवर ने उसे जानबूझकर पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। पहाड़ से टकराने के कारण बस की गति धीमी हो गई और वह रुक गई, जिससे एक भयानक त्रासदी टल गई।

ये भी पढ़े : नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने पीएम मोदी का जताया आभार : भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प

हादसे की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने टक्कर से पहले ही सभी बच्चों को जोर से चिल्लाकर सचेत कर दिया था। उसने बच्चों को अपनी सीटों और खिड़कियों को मजबूती से पकड़ने के लिए कहा, ताकि झटके का असर कम हो सके। ड्राइवर की इसी सतर्कता के कारण बस खाई में समाने से बच गई।

इस घटना में लगभग 20 बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायल बच्चों को दूसरी बस की मदद से पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply