लेह

लद्दाख समेत कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके : लेह में सुबह कांपी धरती और नेपाल व राजकोट में भी दर्ज की गई हलचल

देश/प्रदेश राष्ट्रीय लद्दाख़

एजेंसी, लेह। लद्दाख के लेह जिले में शुक्रवार की सुबह अचानक धरती हिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.9 दर्ज की गई है। यह भूगर्भीय हलचल आज यानी 27 मार्च को सुबह ठीक 08:31 बजे महसूस की गई। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

वहीं पड़ोसी देश नेपाल के उत्तर-पश्चिमी सुदूरपश्चिम प्रांत में भी बीते दिन भूकंप के हल्के झटके अनुभव किए गए। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र ने बताया कि सुबह 8 बजकर 32 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई। इस हलचल का मुख्य केंद्र दार्चुला जिले के मुरई क्षेत्र के समीप स्थित था। इसके प्रभाव से पास के बैतड़ी और बझांग जिलों में भी धरती कांपने की खबरें मिली हैं।

ये भी पढ़े : ईंधन भंडार संकट की खबरें महज अफवाह : केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया, देश के पास सुरक्षित है 60 दिनों का पेट्रोल, डीजल और एलपीजी भंडार

गुजरात के सौराष्ट्र अंचल में स्थित राजकोट जिले में भी मंगलवार की शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। गांधीनगर के भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के मुताबिक शाम 5:41 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 3.2 रही। इसका केंद्र राजकोट शहर से लगभग सात किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम दिशा में जमीन से 15 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। स्थानीय निवासियों के अनुसार झटके काफी हल्के थे जिससे जान-माल की हानि नहीं हुई।

नेपाल का सुदूरपश्चिम प्रांत पिछले कुछ समय से लगातार भूकंपीय गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले सोमवार दोपहर को भी यहाँ 4.1 तीव्रता का तेज झटका महसूस किया गया था जिसका केंद्र बाझंग जिले के रायल क्षेत्र में था। उस समय झटके इतने जोरदार थे कि बाजुरा और बैतड़ी जैसे पड़ोसी जिलों में लोग दहशत के मारे अपने घरों से बाहर खुले मैदानों की ओर भागने लगे थे। ज्ञात हो कि 17 मार्च को भी इसी क्षेत्र के दार्चुला जिले में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था जिससे क्षेत्र में लगातार चिंता बनी हुई है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply