टोल टैक्स

1 अप्रैल से हाईवे पर सफर होगा महंगा : जबलपुर से भोपाल और नागपुर जाना पड़ेगा भारी, टोल टैक्स और एनुअल पास की कीमतों में बढ़ोतरी

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, भोपाल। देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों की जेब पर 1 अप्रैल से बोझ बढ़ने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल टैक्स की दरों में 5 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि करने का फैसला लिया है। यह नई दरें सालाना संशोधन के तहत लागू की जा रही हैं, जिसका सीधा प्रभाव उन यात्रियों पर पड़ेगा जो जबलपुर से भोपाल, नागपुर, रायपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों की ओर यात्रा करते हैं। अब टोल नाकों पर वाहन स्वामियों को पहले के मुकाबले अधिक शुल्क चुकाना होगा।

टोल दरों में वृद्धि का पूरा विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जबलपुर के आसपास स्थित विभिन्न टोल प्लाजा पर कार चालकों को अब 5 से 10 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। इसके साथ ही, फास्टैग के माध्यम से मिलने वाले वार्षिक पास (एनुअल पास) की कीमत में भी लगभग 75 रुपए का इजाफा होने की संभावना है। नई दरों के अनुसार, बरगी टोल (नागपुर मार्ग) पर कार चालकों को 165 रुपए, सिहोरा टोल (प्रयागराज मार्ग) पर 130 रुपए, शहपुरा टोल (भोपाल मार्ग) पर 90 रुपए और बरेला टोल (रायपुर मार्ग) पर 35 रुपए का भुगतान करना होगा।

कैसे निर्धारित होती हैं टोल की दरें
टोल टैक्स की गणना थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर की जाती है। प्रतिवर्ष सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस सूचकांक का मूल्यांकन कर नई दरें घोषित करता है। इसके अतिरिक्त, टोल की राशि सड़क की कुल लंबाई और वहां उपलब्ध बुनियादी ढांचे जैसे फ्लाई ओवर, अंडरपास और सुरंग जैसी सुविधाओं के आधार पर भी तय होती है।

सड़क की स्थिति को लेकर यात्रियों में रोष
टोल दरों में बढ़ोतरी को लेकर वाहन चालकों ने नाराजगी जाहिर की है। यात्रियों का कहना है कि टैक्स बढ़ाना तभी उचित है जब सड़कों का रखरखाव भी सही हो। वर्तमान में भोपाल मार्ग की हालत काफी खराब बताई जा रही है और बरेला के आगे निर्माण कार्य चल रहा है, फिर भी यात्रियों से पूरा शुल्क वसूला जा रहा है।

ये भी पढ़े : नेपाल के नए प्रधानमंत्री बने बालेंद्र शाह बालेन : पीएम मोदी ने दी बधाई और भारत नेपाल संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का जताया भरोसा

एनुअल पास अब 3,075 रुपए में
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कारों के लिए मिलने वाले वार्षिक पास की कीमत 3,000 रुपए से बढ़ाकर 3,075 रुपए कर दी है। इस पास के जरिए 200 टोल बूथ पार करने की सुविधा मिलती है। 15 अगस्त से शुरू की गई इस योजना को अब तक 52 लाख से अधिक लोग अपना चुके हैं क्योंकि यह लंबी दूरी के यात्रियों के लिए एक किफायती विकल्प है।

31 मार्च तक पुराना लाभ उठाने का अवसर
जो लोग नियमित रूप से हाईवे का उपयोग करते हैं, उनके पास 31 मार्च तक पुराने रेट यानी 3,000 रुपए में अपना वार्षिक पास बनवाने या रिचार्ज कराने का अंतिम मौका है। 1 अप्रैल की सुबह से सिस्टम में नया टैरिफ अपडेट कर दिया जाएगा।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply