एजेंसी, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से सोमवार को वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। यहां मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इन नए मेहमानों के आने के बाद देश में चीतों की कुल संख्या अब 53 तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद सोशल मीडिया के जरिए यह उत्साहजनक जानकारी साझा की है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर बड़ी सफलता की खबर मिली है। चीता ज्वाला द्वारा पांच शावकों को जन्म देना ‘प्रोजेक्ट चीता’ के लिए एक मील का पत्थर है। इसके साथ ही भारत में चीतों की संख्या अर्धशतक को पार कर गई है। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह भारत में चीतों को फिर से बसाने के प्रयासों की कामयाबी का बड़ा प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें ज्वाला अपने पांचों शावकों के साथ दिखाई दे रही है। वन विभाग के मुताबिक, सभी शावक पूरी तरह सेहतमंद हैं और डॉक्टरों की टीम उनकी चौबीसों घंटे निगरानी कर रही है। ज्वाला को नामीबिया से लाया गया था। वह सितंबर 2022 में प्रधानमंत्री द्वारा कूनो में छोड़े गए आठ चीतों के पहले जत्थे का हिस्सा थी।
ये भी पढ़े : 1965 के युद्ध के जांबाज के.जी. जॉर्ज का निधन : पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले ‘वीर चक्र’ विजेता ने 95 की उम्र में ली अंतिम विदा
उस समय उसका नाम ‘सियाया’ था, जिसे बाद में बदलकर ‘ज्वाला’ कर दिया गया। कूनो के माहौल में ज्वाला ने खुद को बहुत अच्छी तरह ढाल लिया है और उसे वहां की सबसे सफल मादा चीता माना जाता है। यह तीसरी बार है जब ज्वाला मां बनी है। इससे पहले मार्च 2023 में उसने चार शावकों को जन्म दिया था, लेकिन उनमें से केवल एक ही जीवित रह सका था। इसके बाद जनवरी 2024 में उसने तीन और शावकों को जन्म दिया। अब पांच शावकों के आने से कूनो में चीतों का कुनबा काफी बढ़ गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार ज्वाला का मिलन खुले जंगल में प्राकृतिक रूप से हुआ था, जो यह दर्शाता है कि चीते अब कूनो के वातावरण को पूरी तरह अपना चुके हैं। वन विभाग के अनुसार, लगातार मिल रही यह सफलता प्रोजेक्ट चीता की मजबूती को दर्शाती है और हर नया जन्म इस मिशन को नई दिशा दे रहा है।


