सोनीपत। कांग्रेस में हाल में शामिल हुए ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया को जान से मारने की धमकी मिली है जिसके बाद उन्होंने यहां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि पूनिया को विदेशी नंबर से सोशल मीडिया मंच ‘व्हाट्सऐप’ पर धमकी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, बजरंग को दी गई धमकी में लिखा है कि “बजरंग कांग्रेस छोड़ दो वरना तेरे और तेरे परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा। ये हमारा आखिरी संदेश है।” बजरंग ने सोनीपत के बहालगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिला पुलिस प्रवक्ता रविंदर सिंह ने बताया, “ पुलिस को शिकायत मिली है और हम जांच कर रहे हैं।” हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का राजनीति में प्रवेश हुआ है। दिल्ली में शुक्रवार को दोनों कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।


