सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ का पर्व स्वर्णिम और संस्कारी भविष्य की सुदृढ़ नींव
मध्यप्रदेश की पावन धरा हमेशा से सनातन ज्ञान, संस्कृति और ऋषियों के आध्यात्मिक चिंतन की संवाहक रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव को प्रदेशव्यापी स्तर पर ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ के रूप में भव्य रूप से मनाने का निर्णय भारतीय सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है। यह पहल केवल एक पारंपरिक धार्मिक या सांस्कृतिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ी को उसकी गौरवशाली जड़ों, मूल्यों और उच्च आदर्शों से जोड़ने वाला एक सशक्त शैक्षणिक व सांस्कृतिक जन-आंदोलन है। गुरु की महत्ता भारतीय दर्शन का मूल आधार रही है। ‘गु’ का अर्थ अज्ञान का अंधकार है और ‘रु’ का अर्थ ज्ञान और विज्ञान का प्रका श है, अर्थात जो हमें अज्ञान के अमवास्या-रूपी अंधकार से खींचकर सम्यक ज्ञान और विज्ञान की रश्मियों की ओर ले जाता है, वही गुरु है। गुरु पूर्णिमा अपने मार्गदर्शकों की निस्वार्थ सेवा, वंदना और उनका शुभाशीष प्राप्त करने का सबसे पवित्र और स र्वोच्च अवसर है। राज्य सरकार का यह प्रयास राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उन मूलभूत उद्देश्यों के बिल्कुल अनुकूल है, जो प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और गुरु-शिष्य परंपरा के नैतिक एवं व्यावहारिक मूल्यों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली में पुनर्स्थापित करने पर जोर देते हैं।
महर्षि सांदीपनि का जीवन चरित्र संपूर्ण मानव समाज और विशेषकर हमारी शिक्षा प्रणाली के लिए एक महान प्रेरणापुंज है। भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण और सुदामा के गुरु रहे महर्षि सांदीपनि ने तत्समय समाज में व्याप्त विषमताओं को मिटाकर समानता का अभूतपूर्व संदेश दिया था। उनकी आश्रम व्यवस्था में राजा का पुत्र हो या निर्धन का बालक, दोनों को एक ही धरातल पर समान शिक्षा और समान संस्कार प्राप्त होते थे। उन्होंने अमीर और गरीब के भेद को मिटाकर राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की जो नींव रखी थी, वह आज के आधुनिक युग में भी अत्यंत प्रासंगिक है। गुरुकुल शिक्षा पद्धति को एक सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप देने में उनका योगदान अप्रतिम रहा है। मुख्यमंत्री का यह निर्देश कि महर्षि सांदीपनि के जीवन चरित्र और गुरुकुल पद्धति पर केंद्रित एक संक्षिप्त एवं प्रभावकारी पुस्तिका का प्रकाशन कर उसे प्रदेश के सभी विद्यालयों में वितरित किया जाए, नई पीढ़ी के मानस में भारतीय मूल्यों को प्रतिस्थापित करने का कार्य करेगा। यह पुस्तिका विद्यार्थियों के लिए केवल एक पठन सामग्री नहीं होगी, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास का संबल बनेगी। इसके साथ ही, प्रदेश के सभी शेष सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण गुरु पूर्णिमा से पूर्व संपन्न कराने का निर्णय सरकार की इच्छाशक्ति और अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति निष्ठा को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी सुंदरता इसकी समावेशिता और व्यापकता में निहित है। यह कार्यक्रम किसी एक विभाग या श्रेणी तक सीमित न रहकर पूरे समाज को अपने आगोश में लेता है। स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ निजी शिक्षण संस्थानों, खेल, नाटक, चित्रकला, संगीत और कला अकादमियों की इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सरकारी हो या गैर-सरकारी, प्राथमिक विद्यालय हो या फिर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और विश्वविद्यालय, हर शैक्षणिक परिसर में गुरु पूजन का पावन अनुष्ठान आयोजित होना हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाएगा। जब परिसरों में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण होगा, सरस्वती वंदना के मधुर स्वर गूंजेंगे, और विद्यार्थी स्वयं अपने हाथों से साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपने गुरुजनों का सत्कार करेंगे, तो वह दृश्य अत्यंत भावुक, गरिमामय और अनुकरणीय होगा। छात्र-शिक्षक संवाद और विभिन्न विद्वानों के व्याख्यानों के माध्यम से ज्ञान की जो सरिता बहेगी, वह विद्यार्थियों के वैचारिक धरातल को और अधिक परिपक्व बनाएगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संपूर्ण समाज की सहभागिता से यह आयोजन एक औपचारिक सरकारी कार्यक्रम की सीमाओं को तोड़कर एक सच्चे अर्थों में ‘जन-उत्सव’ और ‘जन-आंदोलन’ का रूप धारण कर लेता है। जब समाज का हर वर्ग अपने शिक्षकों और गुरुजनों के सम्मान में एक साथ खड़ा होता है, तो इससे शिक्षा व्यवस्था का मान-सम्मान और अधिक बढ़ जाता है। इसके साथ ही, मित्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में श्रीकृष्ण और सुदामा के निष्काम और महान जीवन चरित्र के अध्यायों का वाचन कराने का विचार आधुनिक समय में बच्चों को सच्चे और निस्वार्थ संबंधों का अर्थ सिखाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। भौतिकतावादी दौर में जहां रिश्ते औपचारिक होते जा रहे हैं, वहां श्रीकृष्ण-सुदामा की अटूट मैत्री का आख्यान बच्चों को निस्वार्थता, प्रेम और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत करेगा।
निष्कर्ष यह कि मध्यप्रदेश में ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ का यह आयोजन केवल अतीत का स्मरण मात्र नहीं है, बल्कि एक स्वर्णिम और संस्कारी भविष्य की सुदृढ़ नींव है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दूरदर्शी दृष्टिकोण इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का विकास केवल भौतिक अवसंरचनाओं से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक पुनरुत्थान से भी तय होता है। जब युवा पीढ़ी अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना सीखेगी और भारतीय संस्कृति के सार्वभौमिक सिद्धांतों को आत्मसात करेगी, तब निश्चित रूप से एक सशक्त, चरित्रवान, संवेदनशाली और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का सपना साकार होगा। यह श्रद्धा पर्व प्रदेश के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण में नव-ऊर्जा का संचार करते हुए भावी पीढ़ी को एक नया उजाला और सही दिशा प्रदान करने में पूर्णतः सफल सिद्ध होगा।
ये भी पढ़े : जगदीशपुर से मोहन कैबिनेट द्वारा समान अधिकार, सुशासन का संदेश
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


