भोपाल : भारतीय वायुसेना ने Air Show में दिखाया करतब, राज्यपाल तथा CM ने वायुसेना के शौर्य को सराहा

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इंडियन एयर फोर्स की 91वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर भोपाल एयर शो का आयोजन हुआ। जहां 65 लड़ाकू विमानों ने अपना शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जगुआर एयरक्राफ्ट का प्रदर्शन देख लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। आज सुबह सुबह राष्ट्रगान के साथ इस एयर शो का श्री गणेश हुआ। इस शो को देखने के लिए सड़कों पर लोगों का भारी हुजूम लगा था। लोग अपने-अपने घरों की छतों पर भी एकत्र हुए थे ताकि वायु सेना के लड़ाकू विमानों का करतब देख सकें।

भोपाल में पहली बार हुआ एयर शो

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के फेमस बड़े तालाब के ऊपर भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने एयर शो के दौरान अपनी ताकत दिखाई। एयर फोर्स के जांबाज फाइटर पायलट्स ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भोपाल एयर शो
में शामिल हुए 65 लड़ाकू विमान
एयरशो में कुल 65 लड़ाकू विमान शामिल हुए, इन्हें आसमान में उढ़ान भरने में महिला पायलट भी शामिल हुई हैं। कुछ लड़ाकू विमान आगरा, ग्वालियर और गाजियाबाद से उड़ान भरकर भी भोपाल के बड़े तालाब के ऊपर एयर शो में शामिल हुए। लड़ाकू विमानों के बेड़े में शामिल हुए खास तौर पर तेजस, आकाश गंगा, रुद्र, बादल, शमशेर, त्रिशूल, सारंग, जगुआर और सूर्य किरण के प्रदर्शनों ने लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान एयर शो में चिनूक हेलीकॉप्टर को भी शामिल किया गया। जो लोगों के लिए ख़ास आकर्षण का केंद्र था। इस एयर शो के जरिए वायु सेना ने अपनी युद्धक क्षमता का धमाकेदार परिचय दिया है। लोगों ने भोपाल एयर शो में आसमान में गरजते विमानों को अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में भी उत्साह दिखाया।

खराब मौसम के बावजूद शानदार प्रदर्शन
बता दें कि एयर शो के दौरान मौसम खराब था लेकिन ऐसे में भी वायुसेना के पायलट्स ने उड़ान भरी और साबित कर दिया कि चुनौतियों का सामना करने में मौसम उनके हौसले में बाधा नहीं बन सकेगा। वहीं वायुसेना के जांबाज पायल्ट्स के करतब देखने वाले हजारों युवाओं में भी एयर फोर्स में पायलट बनने की उम्मीद जगी है। आपको बता दे कि पिछले कई दिनों से वायु सेना के एयर शो का रिहर्सल चल रहा था। जिससे लोगों में आज के एयर शो को देखने की उत्सुकता बढ़ रही थी। इस शो के लिए केवल कार्ड प्राप्त करने वाले लोगों को ही एंट्री गई थी।

भोपाल में पहली बार हुआ एयर शो
भारतीय वायु सेना द्वारा हर वर्ष अपने स्थापना दिवस के मौके पर देश के अलग-अलग शहरों में एयर शो का आयोजन किया जाता है। जिसमें शामिल होने वाले लोग वायु सेवा की ताकत देखकर गौरवान्वित होते हैं। इस साल इसका आयोजन पहली बार भोपाल में भी किया गया है।

वायुसेना की 91वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हुई मल्टी एयरक्राफ्ट फ्लाई-पास्ट

राज्यपाल मंगुभाई पटेल तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भारतीय वायु सेना की 91वीं वर्षगांठ के अवसर पर भोपाल के बड़े तालाब पर हुई मल्टी एयरक्राफ्ट फ्लाई पास्ट शामिल हुए। उन्होंने वायु सेना के जांबाज जवानों के शौर्य, कौशल और विमानों के साथ किये गये अद्भुत प्रदर्शन की सराहना की। राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री चौहान ने बड़े तालाब स्थित एमपी टूरिज्म के विंड एण्ड वेव्ज रेस्टोरेंट से वायुसेना का प्रदर्शन देखा। वायुसेना के अधिकारियों ने विमानों तथा हेलीकाप्टरों से आकाश में विभिन्न गतिविधियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में जगुआर, सुखोई, मिराज 2000 जैसे युद्धक विमानों और विभिन्न हेलीकाप्टरों से रोमांचक प्रदर्शन करते हुए तिरंगा, रूद्र, ध्वज, शमशेर, त्रिशूल, गजराज आदि संरचनाओं का निर्माण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना तथा वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जन-समुदाय ने सेना के एयर शौर्य को सराहा और निरंतर बजती तालियों एवं जोश के साथ वायुसेना के वीर जवानों का उत्साहवर्धन किया। जन-समुदाय ने मुख्यमंत्री चौहान का अभिवादन भी किया।

अद्भुत है वायु-सैनिकों का शौर्य और कौशल : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल में हुए वायु सेना की रोमांचक फ्लाई-पास्ट के लिए वायुसेना का आभार माना। मुख्यमंत्री चौहान ने मीडिया को जारी अपने संदेश में कहा कि आज भोपाल के आसमान में हमारे वायु सेना के जांबाज़ो ने अद्भुत प्रदर्शन किया। ऐसे जांबाज पायलटों के रहते हुए हमारा देश पूरी तरह से सुरक्षित है, हमें इन पर गर्व है। मुख्यमंत्री चौहान ने आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए भोपाल वासियों का भी आभार माना।

Leave a Reply