PM Modi Norway Visit

43 साल बाद नॉर्वे पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री : पीएम स्टोरे ने किया भव्य स्वागत, रक्षा-व्यापार समेत कई मुद्दों पर होगी बड़ी बातचीत

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली नॉर्वे राष्ट्रीय

एजेंसी, ओस्लो। PM Modi Norway Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के चौथे चरण में सोमवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंच गए। हवाई अड्डे पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गहर स्टोरे ने स्वयं पहुंचकर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि करीब 43 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे दौरा हो रहा है। ओस्लो पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत-नॉर्वे संबंधों को नई मजबूती और ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि वह नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्या से मुलाकात करेंगे तथा प्रधानमंत्री स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होंगे। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच सहयोग आने वाले समय में और अधिक व्यापक होगा।

व्यापार और निवेश को लेकर होगी अहम चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गहर स्टोरे के बीच व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा, समुद्री सहयोग, डिजिटल तकनीक और रक्षा साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है। दोनों नेता भारत-नॉर्वे बिजनेस एंड रिसर्च समिट को भी संबोधित करेंगे, जहां उद्योग और अनुसंधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर चर्चा हो सकती है। भारत और नॉर्वे के आर्थिक संबंध पिछले कुछ वर्षों में तेजी से मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग 2.73 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ने भारतीय बाजारों में करीब 28 अरब डॉलर का निवेश किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि पीएम मोदी की इस यात्रा से निवेश और तकनीकी सहयोग को और बढ़ावा मिलेगा।

पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान

नॉर्वे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट” से सम्मानित किया गया। राजधानी ओस्लो में आयोजित विशेष समारोह में नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान भारत और नॉर्वे के संबंधों को मजबूत बनाने तथा वैश्विक स्तर पर नेतृत्व के लिए दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इससे पहले स्वीडन ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा था। सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि भारत के करोड़ों नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने भारत और नॉर्वे के बीच गहरी होती साझेदारी को भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।

भारत में 100 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन देशों के बीच हुआ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता दोनों पक्षों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में भारत में लगभग 100 अरब डॉलर निवेश और 10 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था बन रहा है और विदेशी निवेशकों के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं।

भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन पर दुनिया की नजर

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के शीर्ष नेता शामिल होंगे। सम्मेलन में हरित ऊर्जा, डिजिटलाइजेशन, जलवायु परिवर्तन, रक्षा सहयोग, अंतरिक्ष तकनीक और आर्कटिक नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 2018 में स्टॉकहोम में हुई थी, जबकि दूसरा सम्मेलन 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित किया गया था। इस बार ओस्लो में होने वाला सम्मेलन वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

भारतीय समुदाय ने किया जोरदार स्वागत

ओस्लो पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल पहुंचने पर बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग वहां मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। पीएम मोदी ने भी लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री की यह यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का अहम हिस्सा है। इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। नॉर्वे के बाद उनका अगला पड़ाव इटली होगा।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply