993 रुपये महंगा हुआ एलपीजी कमर्शियल गैस सिलेंडर
एजेंसी, नई दिल्ली। वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में शुक्रवार को अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 993 रुपये की वृद्धि हुई। पश्चिम एशिया में संघर्ष से वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के कारण यह लगातार तीसरी मासिक बढ़ोतरी है। होटल और रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली 19 किलोग्राम की वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत दिल्ली में अब रिकॉर्ड 3,071.5 रुपये हो गई है, जो पहले 2,078.50 रुपये थी। एलपीजी की कीमतों में आखिरी बढ़ोतरी एक अप्रैल को 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर की हुई थी। इससे पहले एक मार्च को 19 किलो के सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की वृद्धि हुई थी। तीन बार की बढ़ोतरी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है। घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ ₹993 रुपये महंगा
देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। कमर्शियल (19 किलो) सिलेंडर और 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम… pic.twitter.com/mM1mNSJGDP
— The Credible News (@TCNLive2025) May 1, 2026
घरेलू एलपीजी की कीमतों में आखिरी बार सात मार्च को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है। सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अंतरराष्ट्रीय मानकों और विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों में संशोधन करती हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने से तेल की वैश्विक कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले साल मार्च में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी के बाद से कीमतें स्थिर बनी हुई हैं; दिल्ली में वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।
ये भी पढ़े : मुंबई में गार्ड्स पर चाकू से हमला, एटीएस को मिले आईएसआईएस से जुड़े दस्तावेज
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


