लद्दाख में राहुल गांधी ने कहा- चीन ने हमारी जमीन कब्जाई, पीएम बोल रहे झूठ, पैंगोंग झील के तट पर पिता राजीव को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय राष्ट्रीय लद्दाख़

लेह| कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। लद्दाख में पैंगोंग झील के तट पर रविवार को राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राहुल ने कहा कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा किया है। राहुल गांधी ने बताया कि यहां के स्थानीय लोगों का कहना है कि चीन की सेना हमारी सीमा में घुसी है। यहां के लोग बता रहे हैं कि पहले जो जमीन चरागाह के लिए इस्‍तेमाल होती थी, अब वहां नहीं जा सकते। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी झूठ बोल रहे हैं कि चीन ने हमारी एक इंच जमीन नहीं कब्‍जाई है।

राहुल गांधी ने कहा कि लद्दाख के लोगों की बहुत सारी शिकायतें थी। वे उस दर्जे से खुश नहीं हैं, जो उन्हें दिया गया है। वे प्रतिनिधित्व चाहते हैं। उनके सामने बेरोजगारी की समस्या है। लोग कह रहे हैं कि राज्य को नौकरशाही द्वारा नहीं चलाया जाना चाहिए, बल्कि राज्य को लोगों की आवाज से चलाया जाना चाहिए। यहां के लोगों का कहना है कि चीन की सेना इलाके में घुस आई है और उनकी चरागाह की जमीन छीन ली गई है। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक इंच जमीन नहीं ली गई। सच क्या है यह आप यहां किसी से भी पूछ सकते हैं।

वहीं, रक्षा विशेषज्ञ संजय कुलकर्णी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही हो तो किसी को भी बयान नहीं देना चाहिए। ऐसे बयान देना गलत होगा। बातचीत मुख्य रूप से इसलिए चल रही है, क्योंकि डेमचोक और देपसांग दो घर्षण बिंदु हैं। यहीं पर गश्त को प्रतिबंधित किया जा रहा है, लेकिन हम हार गए हैं यह कहना गलत होगा। उन्‍होंने कहा कि 1950 के बाद से हमने चीन के हाथों लगभग 40,000 वर्ग किमी खो दिया है और हमारा प्रयास है कि हम अपना और क्षेत्र चीन के हाथों न खोएं।

Leave a Reply