बरनाला

बरनाला : घर को सीधा करते समय जैक फिसलने से गिरी बिल्डिंग, मलबे में दबकर 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

देश/प्रदेश पंजाब राष्ट्रीय

एजेंसी, बरनाला। पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में रविवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां एक रिहायशी इमारत के अचानक ढह जाने से तीन मजदूरों की मलबे में दबकर जान चली गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब तकनीक की मदद से एक झुके हुए मकान को सीधा करने का काम चल रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे जैक लगाकर इमारत को संतुलित करने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक पूरी बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय युवाओं के साथ परिजनों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। हालांकि, ग्रामीणों ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि नागरिक प्रशासन का कोई बड़ा अधिकारी समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि जैक के जरिए मकान की ऊंचाई को ठीक करते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया था, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

ये भी पढ़े : मध्यप्रदेश के आगर मालवा में भीषण सड़क हादसा : अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, एक बुजुर्ग की मौत और 15 घायल

इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह जैक पर टिकी हुई इमारत कुछ ही सेकंड में ताश के पत्तों की तरह गिर गई। मलबे से तीनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतक मजदूरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंचे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और परिजनों ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित परिवारों की बेहद खराब आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा और सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि उन्हें इस मुश्किल घड़ी में कुछ सहारा मिल सके।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply