भोपाल| मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में एक अहम घोषणा की है। इसमें उन्होंने कहा है कि प्रदेश में आशा, ऊषा कार्यकर्ताओं और आशा पर्यवेक्षकों को सेवानिवृत्ति पर 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। वे लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित आशा, ऊषा और आशा पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा, स्वास्थ्य विभाग की समस्त गतिविधियों में भाग लेकर अभियानों को सफल बनाना हो, तो हमारे पास एक ही नाम होता है… “आशा बहनें”। बहुत सारे काम मेरी आशा बहनों के जिम्मे हैं…। कोविड काल में हमारी आशा और ऊषा बहनों ने अपनी जान हथेली पर रखकर दूसरों की जिंदगी बचाने का काम किया, बहनों को प्रणाम!
किस राज्य में क्या सुविधा
आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, सिक्किम सहित कई राज्यों में प्रोत्साहन राशि के साथ ही राज्य सरकार की ओर से निश्चित मानदेय दिया जाता है, पर मध्य प्रदेश में ऐसा नहीं है। कुछ महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मद से आशा कार्यकर्ताओं को लगभग दो हजार रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि मिलती है।
सरकारी नौकरी में भर्तियों का अभियान जारी रहेगा : शिवराज
प्रदेश में सरकारी नौकरी में भर्तियों का अभियान जारी रहेगा, एक लाख भर्तियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र बुदनी के ग्राम बायां में विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सलकनपुर वाली का माता का मंदिर ऐसा बन रहा है, जिसे पूरी दुनिया के श्रद्धालु देखने आएंगे।


