संयुक्त राष्ट्र में भारत ने की भयंकर बेइज्जती

“ला-ला-लैंड में रह रहा होगा पाकिस्तान”, संयुक्त राष्ट्र में भारत ने की भयंकर बेइज्जती

स्विटजरलैंड

“ला-ला-लैंड में रह रहा होगा पाकिस्तान”, संयुक्त राष्ट्र में भारत ने की भयंकर बेइज्जती

एजेंसी, जेनेवा। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 55वें नियमित सत्र के उच्च-स्तरीय खंड में भारत ने पाकिस्तान की भयंकर बेइज्जती कर दी है। जम्मू-कश्मीर को मुद्दा उठाये जाने पर यूएन में भारत की प्रथम सचिव अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पर लगाए गए पाकिस्तान के आरोपों को “ईर्ष्या से भरा प्रचार” करार देते हुए कहा कि अगर वह जम्मू-कश्मीर के विकास को नकारता है और चिनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा पुल उसे नहीं दिखता तो वह “ला-ला लैंड” में जी रहा होगा।

पाकिस्तान का दुष्प्रचार ईर्ष्यापूर्ण
अनुपमा सिंह ने भारत के “राइट ऑफ रिप्लाई” का इस्तेमाल करते हुए कहा, “भारत को पाकिस्तान और ओआईसी द्वारा उच्च-स्तरीय खंड में किए गए संदर्भों के जवाब में अपना अधिकार प्रयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हम इन आरोपों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं। पाकिस्तान के प्रचार को दोहराकर ओआईसी यह दिखाता है कि वह कितनी गहराई से एक सदस्य द्वारा अपनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ओआईसी ने खुद को उस देश (पाकिस्तान) की राजनीतिक मजबूरियों के लिए एक प्रतिध्वनि कक्ष में बदल लिया है। पाकिस्तान का निरंतर दुष्प्रचार ईर्ष्या से भरा हुआ है। हम इसे सम्मान देने की कोई इच्छा नहीं रखते, लेकिन कुछ बिंदुओं से इसे तथ्यों से खंडन करेंगे। उन्होंने कहा, “जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।

पाकिस्तान इच्छाधारी बयानबाज
भारत ने पाकिस्तान को इच्छाधारी बयानबाज बताते हुए कहा कि ऐसे दुष्प्रचार से इस अपरिवर्तनीय तथ्य को नहीं बदला जा सकता कि जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय पूरी तरह से कानूनी और अपरिवर्तनीय था, जो 1947 के भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार हुआ। इस क्षेत्र से जुड़ा एकमात्र बाकी मुद्दा पाकिस्तान द्वारा भारतीय क्षेत्रों यानी पीओके पर किया गया अवैध कब्जा है। हम पाकिस्तान से कहते हैं कि वह अपने जबरन कब्जे वाले क्षेत्रों को खाली करे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान का हवाला देते हुए कहा कि लोग पाकिस्तान द्वारा प्रचारित आतंकवाद और हिंसा की विचारधारा को अस्वीकार कर चुके हैं और विकास तथा लोकतंत्र के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।

विकास को लेकर पाक पर तंज
विकास पर तंज कसते हुए अनुपमा सिंह ने कहा, “यदि पिछले साल जम्मू-कश्मीर में उद्घाटित दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल चेनाब रेल ब्रिज को नकली माना जाता है, तो पाकिस्तान ‘ला-ला लैंड’ में जी रहा होगा… या शायद उसे यह विश्वास नहीं हो रहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास बजट पाकिस्तान द्वारा आईएमएफ से मांगे गए उसके हालिया बेलआउट पैकेज से दोगुना से अधिक है। बता दें कि भारत ने यह करारा जवाब तब दिया, जब पाकिस्तान और ओआईसी ने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया था। भारत ने इसे बहुपक्षीय मंच का दुरुपयोग करार दिया और पाकिस्तान को क्षेत्रीय स्थिरता बिगाड़ने वाला बताया।

ये भी पढ़े : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा : भारत-पाकिस्तान के बीच न्यूक्लियर जंग रोकी, 3.5 करोड़ मौतें टलीं

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply