एजेंसी, मुरैना। मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत अहरौली गांव में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। पूजा और प्रसाद वितरण के दौरान चामड़ माता मंदिर की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। पत्थर की पटियों से बनी छत के नीचे दबने से तीन मासूम बालिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। मृतकों में दो सगी बहनें शामिल हैं।
कन्याभोज के दौरान हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहरौली गांव में स्थित चामड़ माता का मंदिर एक कमरेनुमा संरचना का है, जिसकी छत पत्थर की पटियों से बनी हुई थी। सोमवार को एक परिवार पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचा था। पूजा के बाद कन्याभोज और प्रसाद वितरण की तैयारी चल रही थी, जिसके लिए गांव के बच्चों को बुलाया गया। अधिकांश बच्चे मंदिर के भीतर मौजूद थे, तभी अचानक एक पटिया चटक गई और देखते ही देखते पूरी छत ढह गई।
ये भी पढ़े: मध्यप्रदेश के बढ़ते कर्ज को कम करने के लिए शराब की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की तैयारी
इनकी हुई मौत
इस हादसे में 11 वर्षीय वैष्णवी पुत्री जीतू सिकरवार, 7 वर्षीय छाया पुत्री अशोक गोस्वामी और 9 वर्षीय करिश्मा पुत्री अशोक गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में योगेंद्र सिंह की तीन बेटियां—12 वर्षीय गुंजन, 8 वर्षीय परी और 6 वर्षीय विद्या सहित एक अन्य बच्चा घायल हो गया। सभी घायलों को तुरंत कैलारस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


