दिल्ली में बारिश ने 41 साल का रिकॉर्ड तोड़ा : बाढ़ जैसे हालात, नाव से लोगों को निकाला जा रहा, 3 राज्यों में 13 लोगों की मौत

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| दिल्ली, हिमाचल, पंजाब सहित देश के उत्तरी राज्यों में भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में 41 साल का रिकॉर्ड टूटा। 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे ज्यादा 153 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 25 जुलाई 1982 में 169.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2003 में 24 घंटे में 133.4 मिमी बारिश हुई थी। वहीं 2013 में दिल्ली में 123.4 मिमी बारिश हुई थी। बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के दो जवान पोशाना नदी पार करते हुए डूब गए। वहीं हिमाचल में 5, जम्मू में 2 और यूपी में 4 लोगों की मौत हो गई। हिमाचल में ब्यास नदी ने काफी नुकसान पहुंचाया। एक पुल नदी में बह गया। वहीं कुछ दुकानें भी बाढ़ के पानी में समा गईं। नदी में फंसे पांच लोगों को NDRF की टीम ने रेस्क्यू किया। मोहाली के डेराबस्सी में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुस गया। जिसके बाद लोगों को नाव के जरिए बाहर निकाला गया। उधर चंबा पठानकोट नेशनल हाईवे बनीखेत के पास धंस गया।

मौसम से जुड़े अपडेट्स… हिमाचल प्रदेश में दो दिन के श्रीखंड महादेव यात्रा रोकी गई।
तीन दिन के बाद पहलगाम रूट पर अमरनाथ यात्रा शुरू।
दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही।
मोहाली में बाढ़ जैसे हालात पर NDRF टीम बुलाई गई।
चंडीगढ़ में सुखना लेक का वाटर लेवल बढ़ा, बांध खोला गया।
हिमाचल प्रदेश में दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद किए गए।
पंजाब के रोपड़ जिले में सभी स्कूलों में सोमवार को छुट्‌टी रहेगी।
अमित शाह ने दिल्ली और J-K के उपराज्यपाल से हालात का जायजा लिया।
दिल्ली में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल, CM केजरीवाल ने फैसला लिया।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी : मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरण, त्रिपुरा, ओडिशा, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र। इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा : केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल… MP में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, दो दिन तक भीगेगा पूरा प्रदेश…… मध्य प्रदेश में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिले शामिल हैं। बाकी जगह हल्की बारिश हो सकती है।

बिहार में उफान पर गंगा और गंडक, कटाव का खतरा: 10 जिलों में भारी बारिश-बिजली का अलर्ट : मौसम विभाग ने बिहार के 10 जिलों में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट जारी किया है। रविवार को तेज बारिश को लेकर प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसमें किशनगंज, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले शामिल हैं। जबकि 5 अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान के 8 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट, झुंझुनूं, सीकर में बाढ़ जैसे हालात : राजस्थान के 8 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झुंझुनूं, सीकर में बाढ़ जैसे हालात हैं। अगले 24 से 48 इस तरह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। जयपुर मौसम केन्द्र से जारी फोरकास्ट के मुताबिक आज जालोर, पाली, राजसमंद, अजमेर, अलवर, जयपुर, नागौर, भीलवाड़ा जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

ह​​रियाणा के 55 शहरों में बारिश का रेड अलर्ट, गुरुग्राम में कार डूबी, फतेहाबाद में छत गिरी​​​​​ : हरियाणा में मौसम को लेकर चंडीगढ़ मौसम विभाग ने 55 शहरों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के नूह, पलवल, बल्लभगढ़, सोहना, गुरुग्राम, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, चरखी दादरी, भिवानी, बावल, रेवाडी के अलावा कुछ और जिलों में बारिश का अलर्ट है।

यूपी के मुरादाबाद के 12 गांवों में बाढ़ जैसे हालात, 39 जिलों में आज बारिश का अलर्ट : यूपी में आज भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मुरादाबाद में ढेला नदी का पानी 12 गांवों में पहुंच चुका है। यहां बाढ़ जैसे हालात हैं। आज पश्चिमी यूपी के 8 जिलों अमरोहा, बागपत, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली में भारी से भारी बारिश हो सकती है। 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है और 14 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश के अनुमान हैं। पढ़ें पूरी खबर…

पंजाब में बारिश से प्रशासन हाईअलर्ट, मोहाली में NDRF बुलाई; फिरोजपुर में पानी बॉर्डर पार : पंजाब में बीते कल से लगातार हो रही तेज बारिश से जलभराव की स्थिति है। सड़कें तालाब बन गई हैं। मोहाली में हालात काबू से बाहर होने पर NDRF टीम बुलाई गई है। वहीं फिरोजपुर में बरसाती पानी बॉर्डर पार कर गया है।

रांची में बारिश का यलो अलर्ट, 11 और 12 जुलाई को संताल परगना में भारी बारिश : राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मॉनसून वाले बादल छाए हुए हैं। बारिश को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी रांची समेत राज्य के बड़े हिस्से में बादल छाए रहेंगे। वहीं 11 और 12 जुलाई को संथाल परगना में भारी बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में कुदरत का कहर, लैंडस्लाइड के चलते 3 की मौत, 7 जिलों में रेड अलर्ट : हिमाचल प्रदेश में लैंड स्लाइड होने से 250 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। बारिश के कारण मंडी के सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार को बंद रहेंगे। कोटगढ़ की मधावनी पंचायत के पानेवली गांव में एक मकान पर लैंड स्लाइड से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो को सुरक्षित निकाल दिया है। मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, चंबा और कुल्लू जिले में आज अत्यधिक बारिश होने का रेड अलर्ट तथा सोलन, शिमला और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply