नई दिल्ली: उत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, तेज बारिश के कारण देश के 8 राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, केरल, तटवर्ती गोवा-कर्नाटक और नगालैंड के कई इलाके पानी में डूब गए। दक्षिण कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा को लगातार दूसरे दिन भी रोकनी पड़ी है। उत्तराखंड के छिनका के पास लैंडस्लाइड होने से बंद बद्रीनाथ नेशनल हाईवे को शुक्रवार शाम खोल दिया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान में अगले दो दिन तेज बारिश की संभावना है। शनिवार को राजधानी जयपुर, अजमेर, बारां, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, झालावाड़, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, करौली, प्रतापगढ़, कोटा, राजसमंद जिलों के अलावा पश्चिमी राजस्थान के पाली, जालौर, चूरू एरिया में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पंजाब के 9 जिलों जिलों में अच्छी बारिश होगी। इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, तलवंडी साबो, बनाला, संगरूर, मोहाली, मोगा, नकोदर, कपूरथला, जालंधर, आनंदपुर साहिब, फगवाड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 55 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और संभल में तेज बारिश होगी। वहीं बदायूं, बागपत, बरेली, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, प्रयारागराज, रामपुर, संत रविदासनगर, शामली, सोनभद्र, सुल्तानपुर में भी बारिश की संभावना है। कर्नाटक में बारिश के चलते अब तक 4 लोगों की जान चली गई। वहीं उत्तराखंड में 154 सड़कें बंद कर दी गईं। असम के 6 जिलों में 121 गांवों के करीब 22 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। उत्तर भारत के जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 8-9 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।


