प्राइवेट आर्मी ने रूसी शहर रोस्तोव पर कब्जे का दावा किया, पुतिन बोले- वैगनर ने पीठ में छुरा घोंपा

अंतर्राष्ट्रीय

मॉस्को| यूक्रेन के साथ जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ने विद्रोह कर दिया है। वैगनर ने रूस के शहर रोस्‍तोव पर कब्‍जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है। रूस के राष्ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन ने देश के नाम संबोधन किया। संबोधित में उन्‍होंने कहा कि वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे। पुतिन ने संबोधन में कहा कि महत्वाकांक्षा और निजी हितों के चलते हमारे साथ ये विश्वासघात हुआ है। जो कोई भी विद्रोह करेगा उसे दंडित किया जाएगा। उन्हें कानून और हमारे लोगों को जवाब देना होगा। रोस्तोव शहर में हालात सामान्य करने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। पुतिन बोले कि जिसने भी जानबूझकर देशद्रोह का रास्ता अपनाया। सशस्त्र विद्रोह की तैयारी की। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम आंतरिक देशद्रोह सहित सभी खतरों के खिलाफ अपने लोगों और देश की रक्षा करेंगे।

रूसी मीडिया आरटी ने प्रिगोजिन के हवाले से कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिसमें रोस्तोव की सड़कों और मिलिट्री हेडक्वार्टर के बाहर वैगनर के लड़ाके और बख्तरबंद गाड़ियां नजर आ रही हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। अल-जजीरा के रिपोर्ट्स ने बताया कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में फेडरल सिक्योरिटी सर्विस कार्यालयों को खाली कराया जा रहा है। वे रोस्तोव से मॉस्को जाने वाले रास्ते पर हैं। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है।

Leave a Reply