एजेंसी, गोवा। गोवा के बिर्च नाइट क्लब अग्निकांड के पांचवें दिन गुरुवार को क्लब के संचालक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया। थाई अधिकारियों ने दोनों भाइयों की तस्वीरें जारी की हैं जिनमें उनके हाथों में हथकड़ी है और वे अपने पासपोर्ट पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार भारतीय जांच एजेंसियों की एक टीम थाईलैंड के लिए रवाना हो चुकी है और उम्मीद है कि 24 घंटे के भीतर लूथरा ब्रदर्स को भारत लाया जाएगा। भारत पहुंचने पर गोवा पुलिस दोनों को अपनी कस्टडी में ले सकती है। 6 दिसंबर की इस भीषण आग में 25 लोगों की मौत हुई थी। हादसे के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाईलैंड भाग गए थे। उन पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही और सुरक्षा नियम तोड़ने के मामले दर्ज हैं।
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के बड़े अपडेट्स —
नॉर्थ गोवा प्रशासन ने नाइट क्लब, होटल, बीच पॉइंट और पर्यटक क्षेत्रों में आतिशबाजी पर रोक लगा दी है क्योंकि आग इलेक्ट्रिक पटाखों से भड़की थी। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने लूथरा ब्रदर्स की जमानत याचिका खारिज कर दी। गोवा पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह कार्रवाई पासपोर्ट एक्ट 1967 की धारा 10ए के तहत की गई। दिल्ली फायर सर्विस ने क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्थानों पर फायर सेफ्टी जांच के आदेश दिए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार सौरभ और गौरव लूथरा ने आग लगने के दौरान ही थाईलैंड की टिकट बुक कर ली थी जब फायर ब्रिगेड उनकी क्लब बिल्डिंग में आग बुझाने और लोगों को बचाने में जुटी थी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने 6-7 दिसंबर की रात 1:17 बजे ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल से टिकट खरीदी और सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6ई 1073 से दिल्ली से फुकेट रवाना हो गए। इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था। गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय व सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल से गिरफ्तारी की मांग की थी।
ये भी पढ़े : गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: चाराें ओर से कसा शिकंजा तो भगोड़े लूथरा ब्रदर्स ने लगाई कोर्ट में बेल की अर्जी
लूथरा ब्रदर्स, उनके पार्टनर और कई कर्मचारी दिल्ली के हैं। इसलिए दिल्ली पुलिस भी गोवा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से जांच कर रही है। दिल्ली में भी एक अलग केस दर्ज किया गया है। लूथरा ब्रदर्स ने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी जिसमें उनके वकील ने दावा किया कि दोनों व्यवसायिक काम से थाईलैंड गए थे और अब भारत लौटना चाहते हैं, पर गिरफ्तारी का डर है। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि गोवा कोर्ट पहले ही नॉन-बेलेबल वारंट जारी कर चुकी है। अग्निकांड में अब तक कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं जिनमें चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं। बुधवार को पुलिस ने क्लब के मालिकों में से एक अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से जम्मू का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली में रहता था। साकेत कोर्ट ने उसे 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा जिसके बाद रात में उसे गोवा ले जाया गया।


