एजेन्सी, नई दिल्ली। इंडिगो संकट का असर अब सिर्फ फ्लाइट कैंसिलेशन और घंटों की देरी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके चलते हवाई किराया भी अचानक आसमान छूने लगा है। हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं जहां ठप हो गई हैं, वहीं जो लोग जरूरी काम से दूसरे शहरों में जाना चाहते हैं, उन्हें अब टिकटों के दाम सुनकर भी झटका लग रहा है।
इंडिगो संकट के बीच आसमान छूने लगे टिकट के दाम
इंडिगो के देशभर में जारी संकट का असर अब सीधे यात्रियों की जेब पर पड़ने लगा है। हजारों उड़ानों के कैंसिल और लेट होने के बाद अचानक एयर किरायों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। खासतौर पर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता जैसे मेट्रो शहरों के रूट्स पर टिकट दोगुने से भी ज्यादा महंगे हो गए हैं। यात्रियों को मजबूरी में जितनी जल्दी हो सके वैकल्पिक फ्लाइट बुक करनी पड़ रही है, वहीं ट्रैवल पोर्टल्स और एयरलाइन सिस्टम्स पर किरायों में तेज उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले दो दिनों में इंडिगो की 1000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल की गईं, जबकि सैकड़ों ने देरी से उड़ान भारी। दिल्ली एयरपोर्ट से आज रात तक सभी घरेलू उड़ानें रद्द किए जाने के कारण मांग अचानक बढ़ गई है, जिसके चलते दूसरी एयरलाइंस ने भी किराए बढ़ा दिए हैं। दिल्ली-मुंबई रूट पर सामान्य दिनों में 5000-7000 रुपये में मिलने वाला टिकट अब 38,000 से 50,000 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह दिल्ली-चेन्नई का किराया 9000-10000 रुपये से बढ़कर 81 हजार रुपये तक पहुंच गया है।


