आयशा सना कुरैशी बनीं मिस इंडिया पोलैंड-2025, उज्जैन की बेटी ने बढ़ाया देश का मान

उज्जैन देश/प्रदेश मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, उज्जैन। मध्य प्रदेश की बेटी आयशा सना कुरैशी ने मिस इंडिया पोलैंड 2025 का खिताब जीत कर भारत का नाम रौशन किया है। इस उपलब्धि के लिए देशभर से आयशा को बधाइयां मिल रही हैं। आयशा सना कुरैशी उज्जैन स्थित आदर्श नगर की निवासी हैं। उन्होंने काफी मेहनत कर उज्जैन से पोलैंड तक की सफर तय कर इस उपलब्धि को हासिल किया है। आयशा का रैंप वॉक और अन्य श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन रहा।

बचपन से रहा है मॉडलिंग का शौक
आयशा सना कुरैशी के पिता मुक्तदिर खालिद कुरैशी ने बताया कि “पोलैंड में 23 नवंबर को मिस इंडिया पोलैंड 2025 प्रतियोगिता आयोजित हुई थी जिसमें आयशा ने हिस्सा लिया था। काफी दिनों से आयशा इसकी तैयारी में थी, जिसका रिजल्ट आज सभी के सामने है।”  वहीं, उनकी मां जरका ने बताया कि “आयशा पढ़ाई में भी काफी होशियार रही है। आयशा को बचपन से एक्टिंग, मॉडलिंग का शौक रहा है। उसे मिस इंडिया बनना है। उसने आज मिस इंडिया पोलैंड 2025 बन भारत का नाम गौरवांवित किया। इससे पूरे परिवार में खुशी है।”

यूएसए में पोलैंड का करेगी प्रतिनिधित्व
मिस इंडिया पोलैंड 2025 का खिताब जीतने के बाद अब आयशा, यूएसए के न्यूयॉर्क में होने वाली मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2026 में पोलैंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। आयशा पिछले कई सालों से पोलैंड में रहकर आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत भी हैं।  वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के उज्जैन की निवासी हैं। आयशा का स्कूल, कॉलेज एजुकेशन उज्जैन से ही पूरा हुआ है. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। जिसके बाद 2015 में अमेरिका की एक आईटी कंपनी में आयशा का चयन हुआ। 2019 में आयशा ने पोलैंड में आईटी कंपनी ज्वाइन किया और आज भी वहां कार्यरत हैं।

भारतीय प्रवासियों के लिए आयोजित होता है मिस इंडिया वर्ल्डवाइड
मिस इंडिया वर्ल्डवाइड एक सौंदर्य प्रतियोगिता है, जो भारत और दुनिया भर के प्रवासी भारतीय महिलाओं के लिए आयोजित की जाती है। इस प्रतियोगिता में विजेता को भारत की सांस्कृतिक विरासत उपलब्धियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाता है। यह भारत के बाहर आयोजित होने वाली सबसे लंबे समय तक चलने वाली भारतीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इसका आयोजन इंडिया फेस्टिवल कमेटी (आईएफसी) के द्वारा किया जाता है।

Leave a Reply