एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी 108वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखआ, ”पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि।” भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1966 से 1977 तक और फिर 1980 से 1984 में उनकी हत्या होने तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। उन्हें भारत में उनके सशक्त नेतृत्व एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए याद किया जाता है। उनकी विरासत आज भी भारतीयों को प्रेरित करती है और देश के विकास एवं समृद्धि में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है।
सोनिया गांधी, खरगे, राहुल ने दी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि, इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर बुधवार को यहां उनकी समाधि शक्ति स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के मौके पर उनकी समाधि स्थल पर स्मृति सभा का आयोजन किया गया जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया और इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री को नमन करते हुए कहा “इंदिरा गांधी का अनुकरणीय और गतिशील नेतृत्व, जिसमें उन्होंने अपार राजनीतिक साहस दिखाया, सदैव प्रेरणादायी रहेगा। जन सेवा के लिए उनके अटूट संकल्प और समर्पण ने भारत की प्रगति यात्रा पर अमिट छाप छोड़ी है।” उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान कोटि-कोटि नमन का पात्र है। उनकी जयंती पर, हम उनकी चिरस्थायी विरासत को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा “देश के लिए निडर होकर फैसले लेने और हर परिस्थिति में देशहित को प्रथम रखने की प्रेरणा मुझे दादी से ही मिली है। उनका साहस, देशभक्ति और नैतिकता आज भी मुझे अन्याय के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़े होने का हौसला देती हैं।”


