एजेंसी, खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां एक मदरसे से लाखों रूपये के नकली नोटों के बंडल मिले हैं। जो नकली नोट मदरसे से मिले हैं आशंका है कि वो 19 लाख से ज्यादा के हो सकते हैं। मस्जिद में तैनात इमाम इमाम के कमरे में रखे एक बैग से नकली नोटों के बंडल बरामद हुए हैं। मदरसे से नकली नोट बरामद होने की खबर से हड़कंप मच गया है और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
मदरसे में मिले लाखों के नकली नोट
खंडवा जिले के जावर थाना इलाके के पैठियां (मछौड़ी रैय्यत) गांव में मदरसे से बड़ी मात्रा में नकली नोट मिले हैं। मस्जिद में इमाम के तौर पर जुबेर अंसारी नाम का शख्स तैनात है जिसके कमरे में एक बैग में ये नकली नोटों के बंडल रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि 19 लाख रूपये से ज्यादा के नकली नोट बरामद हुए हैं। महाराष्ट्र पुलिस से मिली सूचना के बाद खंडवा पुलिस ने नकली नोटों के ये बंडल जब्त किए हैं। मौलाना जुबेर अंसारी मस्जिद के ऊपरी कमरे में किराए से रहता था और वहीं पर उसने नकली नोटों से भरे बैग को छिपाया हुआ था।
महाराष्ट्र में नकली नोटों के साथ पकड़ाया था मौलाना
बता दें कि पौठिया की मस्जिद के इमाम जुबेर अंसारी और उसके एक साथी को शुक्रवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में पुलिस ने 10 लाख रूपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा था। दोनों बुरहानपुर के रहने वाले हैं और नकली नोट लेकर मालेगांव की तरफ जा रहे थे। दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने खंडवा पुलिस को सूचना दी थी जिसके बाद खंडवा पुलिस एक्शन में आई। पुलिस के आला अधिकारी के नेतृत्व में भी संख्या में पुलिस बल पौठिया गांव पहुंचा और मस्जिद में सर्चिंग की तो मस्जिद के ऊपरी हिस्से में बने मौलाना के कमरे से नकली नोटों के बंडल जब्त हुए हैं।


