हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, नम आंखों से बेटियों ने दी मुखाग्नि

देश/प्रदेश राष्ट्रीय हरियाणा

एजेंसी, चंडीगढ़। हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन कुमार की सुसाइड मिस्ट्री सुलझने का नाम नहीं ले रही है। 7 अक्टूबर को अपने आवास में उन्होंने खुदकुशी की थी। आज 9वें दिन पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित श्मशान घाट में आखिरकार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

चंडीगढ़ में अंतिम संस्कार : शहर के सेक्टर 25 स्थित श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ आईपीएस अफसर वाई पूरन कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वाई पूरन कुमार की दोनों बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार समेत पूरा परिवार वहां मौजूद था। साथ ही लोगों की भारी भीड़ भी श्मशान घाट में नज़र आई। हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण लाल पंवार, श्याम सिंह राणा, मुख्य मंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर भी श्मशान घाट पहुंचे। इसके अलावा कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा, गृह सचिव सुमिता मिश्रा, हरियाणा के नए डीजीपी ओपी सिंह, सीआईडी चीफ सौरभ सिंह, चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा समेत कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां नज़र आए। सभी ने नम आंखों के साथ वाई पूरन कुमार को अंतिम विदाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था।

वाई पूरन कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार 
पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं था परिवार : आपको बता दें कि वाई पूरन कुमार के सुसाइड के बाद से उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार समेत उनका पूरा परिवार सुसाइड के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई ना होने तक डेड बॉडी के पोस्टमार्टम के लिए राज़ी नहीं था। हरियाणा सरकार ने जहां हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया, वहीं रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया को भी हटा दिया गया लेकिन इस कार्रवाई से भी उनका परिवार संतुष्ट नहीं था।

श्मशान घाट पर पहुंचे ईटीवी भारत संवाददाता भूपेंद्र जिष्टू  
संदीप लाठर के सुसाइड से उलझा मामला : वहीं मंगलवार को रोहतक के साइबर सेल में तैनात एएसआई संदीप लाठर के सुसाइड के बाद मामला और ज्यादा उलझ गया, जब संदीप लाठर ने मौत से पहले छोड़े गए अपने अंतिम वीडियो और फाइनल नोट में वाई पूरन कुमार पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए।

श्मशान घाट में मौजूद लोग 
कोर्ट के आदेश के बाद राजी हुआ परिवार : सीजेएम कोर्ट के आदेश के बाद आज उनका परिवार शव के पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ। वाई पूरन का परिवार चंडीगढ़ पीजीआई पहुंचा जिसके बाद डेड बॉडी का पोस्टमार्टम किया गया। पूरे पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई।

श्मशान घाट में अमनीत पी कुमार 
पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को घर लाया गया : पोस्टमार्टम हो जाने के बाद डेड बॉडी का आज ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया गया जिसके बाद डेड बॉडी को सेक्टर 24 स्थित उनकी पत्नी अमनीत पी कुमार के सरकारी आवास पर लाया गया और फिर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया।

Leave a Reply