आंध्र प्रदेश के कोनासीमा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

आंध्र प्रदेश देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश के डॉ. बी. आर. अंबेडकर कोनासीमा ज़िले में बुधवार एक बड़ा हादसा हो गया। जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसें में छह मजदूर जिंदा जल गए और कई घायल हो गए। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रायवरम मंडल के कोमारीपालेम गांव में लक्ष्मी गणपति पटाखा फैक्ट्री में आज दिन में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री का शेड एक ज़बरदस्त विस्फोट के कारण ढह गया। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत से पाया आग पर काबू
पुलिस ने बताया कि रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल रही थी। दमकल विभाग के कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग में फंसकर छह मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अनापर्थी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी को निजी अस्पतालों में ले जाया गया।

विस्फोट से गांव के लोगों में दहशत
बताया जा रहा है कि लगभग 15 मजदूर काम कर रहे थे। अधिकारियों को संदेह है कि कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। आग और भीषण विस्फोट से गाँव और आसपास के गाँवों के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस अधिकारी, राजस्व कर्मी और वरिष्ठ अग्निशमन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
अधिकारियों को संदेह है कि यह दुर्घटना यूनिट में सुरक्षा मानकों का पालन न करने के कारण हुई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने घटना पर जताया दुख
इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुखद दुर्घटना में कई लोगों की जान जाने से गहरा दुःख हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, मैंने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों, वर्तमान स्थिति, राहत उपायों और चिकित्सा सहायता के बारे में बात की। मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल का दौरा करने और राहत कार्यों में भाग लेने का निर्देश दिया है। गृह मंत्री वी. अनिता ने भी घटना पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने ज़िले के पुलिस अधीक्षक और अग्निशमन अधिकारियों से बात की।

Leave a Reply