एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ शुरू किया है। केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मोदी स्वयं मध्यप्रदेश के धार में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। वह जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे। भाजपा नेताओं, सहयोगियों और अन्य दलों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने 2014 के बाद से अपनी पार्टी को अभूतपूर्व भौगोलिक विस्तार और चुनावी सफलता दिलाई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है। सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग की प्रगति के लक्ष्य के साथ ‘‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत’’ के निर्माण के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कामना की कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बने और आतंकवाद तथा भ्रष्टाचार को खत्म कर ‘‘विश्वगुरु’’ बने। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी भारत के तीसरे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री हैं और निर्बाध कार्यकाल के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को 75वें जन्मदिन पर बधाई दी
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बुधवार को बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ‘‘आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है।’’ मोदी का 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर शहर में जन्म हुआ था। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।’’
पीएम मोदी को जन्मदिन के मौके पर लियोनेल मेसी ने दिया खास गिफ्ट, जडेजा ने भी बताई खास बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन के मौके पर दुनिया भर से बधाई मिल रही है. इस दौरान अर्जेंटीना से उनके लिए खास गिफ्ट आया है. ये गिफ्ट स्टार फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने भेजा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक मेसी 13 दिसंबर को भारत आने वाले हैं. इसी सिलसिले में खेल उद्यमी और मेसी के दौरे के प्रमोटर सतद्रु दत्ता ने उनसे मुलाकात की थी. इस दौरान मेसी ने पीएम मोदी के लिए ये खास गिफ्ट सतद्रु दत्ता के हाथों भिजवाया है. इस दौरान भारतीय टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक ट्वीट कर पीएम मोदी से अपनी पहली मुलाकात की यादें साझा की हैं.
मेसी ने क्या गिफ्ट दिया?
शतद्रु दत्ता ने आईएएनएस से बताया कि दुनिया के स्टार फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक लियोनेल मेसी ने पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर एक साइन की हुई जर्सी भेजी है. उन्होंने बताया कि जब मेसी भारत आएंगे, तो हम प्रधानमंत्री से मुलाकात करने की कोशिश करेंगे. मेसी 13 दिसंबर को कोलकाता आएंगे. 14 दिसंबर को वो मुंबई जाएंगे और अगले दिन 15 दिसंबर को दिल्ली के एक इवेंट में शामिल होंगे. दत्ता ने कहा कि मेसी के भारत आने से यहां पर फुटबॉल को बढ़ावा मिलेगा. इस दौरान टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने पीएम मोदी से अपनी मुलाकात के बारे में बताया.
रवींद्र जडेजा ने क्या कहा?
भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया एक्स पर उनसे अपनी पहली मुलाकात के बारे में एक पोस्ट लिखा है. इसमें उन्होंने लिखा कि मैं पीएम मोदी से पहली बार साल 2010 में मिला था, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे. अहमदाबाद में हमारा साउथ अफ्रीका के साथ मैच था. मैच शुरू होने से ठीक पहले दोनों टीमें परिचय के लिए मैदान पर कतार में खड़ी थीं. जडेजा ने बताया कि नरेंद्र मोदी आए और सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया. ये पहली बार था जब मैं उनसे मिला. उस समय हमारे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मेरा उनसे परिचय कराया. मोदी जी मुस्कुराए और धोनी से कहा, “ये तो अपना लड़का है, ध्यान रखना इसका”. इस ऑलराउंडर ने आगे कहा कि ये जानकर बहुत अच्छा लगा कि इतने बड़े नेता ने मेरे बारे में ऐसा कुछ कहा, खासकर मेरी टीम के सामने, ये बात सुनकर मुझे बहुत गर्व और खुशी हुई. ये एक ऐसा पल था, जिसे मैं कभी नहीं भूल पाया. जडेजा ने बताया कि अगली बार मैं उनसे साल 2019 में दिल्ली में मिला. उन्होंने हमसे 20-25 मिनट तक बात की.


