एजेंसी, जयपुर। राजस्थान में बहुचर्चित एसआई भर्ती 2021 को लेकर बड़ा फैसला आया है। राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने बृहस्पतिवार को इस भर्ती परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति समीर जैन की खंडपीठ ने 14 अगस्त को सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निर्णय सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाया गया है। करीब एक साल से यह मामला अदालत में था। 13 अगस्त 2023 को कुछ अभ्यर्थियों ने याचिका दायर कर भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की थी। उनका आरोप था कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली और पेपर लीक हुआ है, जिससे ईमानदार उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ।
सरकार और अभ्यर्थियों की दलीलें
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने दलील दी थी कि भर्ती प्रक्रिया में केवल 68 अभ्यर्थियों की मिली भगत सामने आई है। इनमें 54 ट्रेनी एसआई, 6 चयनित उम्मीदवार और 8 फरार आरोपी शामिल थे। सरकार का कहना था कि पूरी प्रक्रिया को रद्द करने की बजाय दोषियों पर ही कार्रवाई हो रही है और जांच एसओजी कर रही है। दूसरी ओर, चयनित अभ्यर्थियों ने कोर्ट में कहा कि उन्होंने ईमानदारी से परीक्षा दी है और कई उम्मीदवारों ने इस भर्ती के लिए अपनी पूर्व सरकारी नौकरी तक छोड़ी है। पूरी भर्ती रद्द करना हजारों योग्य उम्मीदवारों के भविष्य पर प्रहार होगा।
कोर्ट का फैसला और प्रभाव
हाईकोर्ट ने सभी तर्कों पर विचार करने के बाद भर्ती को रद्द करने का आदेश दिया। अदालत का मानना है कि चयन प्रक्रिया की शुचिता सर्वोपरि है और यदि उसमें संदेह है, तो पूरी भर्ती को जारी रखना उचित नहीं है। इस फैसले से हजारों उम्मीदवारों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। हालांकि, न्यायालय ने संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार नई भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से शुरू कर सकती है। यह निर्णय न केवल इस भर्ती के लिए, बल्कि आने वाली सरकारी परीक्षाओं की विश्वसनीयता के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
एसआई भर्ती परीक्षा 2025 अब 1912 पदों पर होगी
राजस्थान हाईकोर्ट ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द करने के साथ ही साफ किया है कि वर्ष 2021 की भर्ती के 897 पद अब नई भर्ती 2025 में शामिल किए जाएंगे। ऐसे में अब कुल 1912 पदों पर सब इंस्पेक्टर भर्ती आयोजित होगी। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार 2021 की भर्ती प्रक्रिया में शामिल रहे ऐसे अभ्यर्थी, जो कि अब आयु सीमा को पार चुके हैं, उन्हें भी एसआई भर्ती 2025 में आवेदन करने का मौका दिया जाएगा।


