लंबी होगी वोट चोरी मुद्दे की लड़ाई, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में…

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली| चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विवाद और गहराने वाला है। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महा भियोग प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है और इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बैठकें हो चुकी हैं। साथ ही,इंडिया गठबंधन के नेता सोमवार को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के चयन पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण का कड़ा विरोध किया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि बीजेपी वोट चोरी में शामिल है और चुनाव आयोग उसका समर्थन कर रहा है। यह विवाद अब और तूल पकड़ने की ओर बढ़ रहा है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की रणनीति बना रहा है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वोट चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताया। आयोग ने कहा कि न तो वह इन आरोपों से डरता है और न ही मतदाता। आयोग ने लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की। इससे पहले, आयोग ने राहुल गांधी से उनके आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा था।

सुप्रीम कोर्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण मामले में हस्तक्षेप
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से लगभग 65 लाख लोगों के नाम हटाए गए थे। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि हटाए गए सभी नामों को सार्वजनिक किया जाए। आयोग ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सभी नाम अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिए।

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की तैयारी
उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। एनडीए ने महाराष्ट्र के गवर्नर सी.पी. राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जो बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। विपक्षी नेता सोमवार शाम को फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से इस पर चर्चा कर सकते हैं, जिसके बाद उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

Leave a Reply