एजेंसी, नूंह| नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव मुड़ाका में दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान छतों से पथराव हुआ और कांच की बोतलें फेंकी गई, जिसमें दोनों तरफ से 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों ने एक बाइक और दुकानों को भी आग लगा दी। सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हिंसा पर काबू नहीं पाई जा सकी। कई थानों की पुलिस और डीएसपी रैंक के अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है और गांव में भारी तनाव फैल गया है।
सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद
गांव मुड़ाका के सरपंच राम सिंह सैनी ने बताया कि गांव की ओर जाने वाली सड़क पर पास के ही राजस्थान के गांव हाजीपुर का रहने वाला युवक इसरा ने अपनी गाड़ी खड़ी कर रखी थी। उसी सड़क से गुजर रहे गांव निवासी समय सिंह ने गाड़ी हटाने को कहा। इस बात पर दोनों में बहस हो गई। आरोप है कि कार में सवार युवक ने कांच की बोतल समय सिंह के सिर पर दे मारी।
छतों से पथराव
इसके बाद दोनों पक्षों के लोग जुट गए और मामला बिगड़ गया। छतों से पथराव शुरू हो गया, कांच की बोतलें फेंकी गईं। भीड़ ने एक बाइक को आग के हवाले कर दिया और कई दुकानों में आग लगा दी। सरपंच राम सिंह का आरोप है कि भीड़ ने जानबूझकर इस झगड़े को हिंदू-मुस्लिम रंग देने का प्रयास किया। इन लोगों ने मेरे ऊपर भी पथराव किया और दुकानों में आगजनी की। अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और बिगड़ सकती थी।
प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
हरियाणा और राजस्थान दोनों राज्यों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। झड़प के बाद सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई थी। दोनों पक्षों के लोगों ने अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार करवाया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इससे पहले नूंह में बकरीद पर हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों तरफ से ईंट, पत्थर और लाठियां चली थीं, जिसमें कई लोग घायल हुए थे।


