दिल्ली : एयर इंडिया की फ्लाइट में लैंडिंग के तुरंत बाद लगी आग, मची अफरातफरी

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। मंगलवार, 22 जुलाई 2025 को हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के कुछ ही देर बाद उसके टेल यानि पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा. एयरलाइन की तरफ से जारी बयान के अनुसार, फ्लाइट के ऑक्सिलरी पावर यूनिट में आग लग गई थी. यह घटना उस समय हुई जब विमान गेट पर पार्क किया जा चुका था, और यात्री उतरना शुरू कर चुके थे. गनीमत रही कि, किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित बाहर निकले.

सिस्टम ने समय रहते एपीयू को किया शटडाउन
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि एपीयू में आग लगने के तुरंत बाद सुरक्षा सिस्टम एक्टिव हो गया, और पावर यूनिट को ऑटोमैटिकली बंद कर दिया गया. इसके बाद फायर सेफ्टी टीम ने तुरंत आग पर काबू पा लिया. विमान को कुछ तकनीकी नुकसान हुआ, लेकिन सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई. विमान को अब जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है, और नागरिक उड्डयन नियामक को इसकी जानकारी दी गई है. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की ओर से भी पुष्टि की गई कि आग बुझा दी गई है, और मामले की जांच शुरू कर दी गई.

सोमवार को भी दो फ्लाइट्स में आईं थी दिक्कतें
एयर इंडिया के लिए ये दूसरा दिन था, जब तकनीकी समस्याओं की वजह से फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए. इससे पहले सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से कोलकाता जा रही एक फ्लाइट को टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी की वजह से रोकना पड़ा. वहीं दूसरी ओर, कोच्चि से मुंबई आ रही फ्लाइट एआई 2744 ने भारी बारिश के दौरान रनवे से फिसलने की घटना झेली. हालांकि, पायलट की सतर्कता से विमान सुरक्षित टैक्सी कर के गेट तक पहुंचाया गया और सभी यात्री सकुशल बाहर निकाल लिए गए.

Leave a Reply